कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस सेवादल की किसान संघर्ष यात्रा का समापन आज
28 दिसंबर को जयपुर से शुरू हुई थी जन जागरण यात्रा, 14 दिन की यात्रा में 5 हजार 400 किमी. की हुई यात्रा, शाम 6 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आकर संपन्न होगी यात्रा, प्रदेश के 33 जिलों में चलाया जनजागरण अभियान

जयपुर। केंद्र के कृषि कानूनों के विरोध और आंदोलनरत किसानों के समर्थन में जनजागरण के लिए 28 दिसंबर को जयपुर से शुरू हुई किसान संघर्ष यात्रा का आज 14 दिन बाद जयपुर में ही प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर समापन होगा। आज प्रदेश कांग्रेस सेवादल की जनजागरण यात्रा चूरू, झुंझुनूं, सीकर, चौमूं होते हुए शाम 6 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर संपन्न होगी।
14 दिनों में सेवादल की जनजागरण यात्रा 5 हजार 400 किलोमीटर का सफर कर चुकी है। प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष हेम सिंह शेखावत ने बताया कि जनजागरण यात्रा के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में केंद्र के कृषि कानूनों को लेकर जनता में रोष है, वहीं सेवादल ने भी कृषि कानूनों की खामियां जनता को बताई।
शेखावत ने बताया कि हर जिले में सेवादल की यात्रा को जनता और किसानों का भरपूर समर्थन और सहयोग मिला। सेवादल कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव ढाणी -ढाणी घूमकर किसानों और जनता को बताया कि कैसे ये कानून किसानों के हित में नहीं है और सरकार जबरम इन कानूनों को किसानों पर थोप रही है। इसके विरोध में पिछले 50 दिन से किसान कड़ाके की सर्दी में धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है।
खाद्य सामग्री भी की एकत्रित
यात्रा के दौरान कांग्रेस सेवादल ने आंदोलनरत किसानों के लिए खाद्य सामग्री भी एकत्रित की। जिलों में भामाशाहों और जनता ने आंदोलनरत किसानों के खाद्य सामग्री और कंबल भी उपलब्ध कराए। जयपुर पहुंचकर प्रदेश कांग्रेस सेवादल यात्रा के दौरान एकत्रित की खाद्य सामग्री और अन्य वस्तुएं आंदोलवरत किसानों तक पहुंचाएगी।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज