जयपुर

गहलोत सरकार के आर्थिक सहयोग के लिए फंड जुटाने का अभियान चलाएगी कांग्रेस

-मुख्यमंत्री की अपील के बाद प्रदेश कांग्रेस जिला और ब्लॉक लेवल पर चलाएगी सहयोग अभियान

जयपुरMay 05, 2021 / 11:01 am

firoz shaifi

जयपुर। प्रदेश में कोविड संक्रमण काल के दौरान वैक्सीनेशन पर खर्च होने वाली राशि में मुख्यमंत्री की ओर से आर्थिक सहयोग की अपील जारी करने के बाद प्रदेश कांग्रेस भी सरकार की आर्थिक मदद को आगे आया है। प्रदेश कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री की अपील के बाद सहयोग राशि अभियान शुरू करने की तैयारी है।

हालांकि प्रदेश, जिला और ब्लॉक लेलल पर ये आर्थिक सहयोग अभियान वर्चुअल तौर पर शुरू किया जाएगा। अभियान को लेकर कांग्रेसमें मंथन हो चुका है। बताया जा रहा कि आज शाम तक सभी जिलों और प्रदेश के पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं को सहयोग राशि एकत्रित करने के निर्देश जारी किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने भी इसके संकेत दिए हैं।


सूत्रों की माने तो सरकार के आर्थिक सहयोग के के लिए पूर्व विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला और ब्लॉक लेवल के नेता और कार्यकर्ताओं से आर्थिक सहयोग मांगा जाएगा।

मुख्यमंत्री सहायता कोष में जमा होगी राशि
सूत्रों की मानें तो प्रदेश कांग्रेस की ओर से एकत्रित की जाने वाली सहयोग राशि मुख्यमंत्री कोविड सहायता कोष में जमा करवाई जाएगी। गौरतलब है कि कोविड वैक्सीनेशन पर खर्च होने वाले 3 हजार करोड़ को लेकर सरकार की परेशानी बढ़ी हुई है। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भामाशाह और दानदाताओं से कोविड-19 की जंग में आर्थिक सहयोग की अपील की है। बीते साल भी भामाशाह और दानदाताओं ने मुख्यमंत्री सहायता कोष में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया था।

अग्रिम संगठनों को भी मिलेगा टास्क
वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस के साथ ही पार्टी के अग्रिम संगठनों एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवादल को भी आर्थिक सहयोग का टास्क दिए जाने की चर्चा है, फिलहाल अग्रिम संगठनों ओर से प्रदेश भर में जरुरत मंद लोगों को निःशुल्क भोजन वितरित किया जा रहा है।

Home / Jaipur / गहलोत सरकार के आर्थिक सहयोग के लिए फंड जुटाने का अभियान चलाएगी कांग्रेस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.