जयपुर

कांग्रेस नगर निगम के खिलाफ दर्ज करवाएगी एफआईआर, भ्रष्टाचार से पट्टे जारी करने का लगाया आरोप

राजस्थान की राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है….

जयपुरMar 13, 2018 / 08:04 pm

rahul

congress


जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस पार्टी ने जयपुर नगर निगम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बार कांग्रेस ने जयपुर नगर निगम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नगर निगम में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है और फर्जी पट्टों जारी कर बड़ा घोटाला किया गया है। कांग्रेस इस घोटाले और भ्रष्टाचार को लेकर जयपुर शहर के सभी थानों में नगर निगम के खिलाफ प्राथमिकी यानि एफआईआर दर्ज करवाएगी।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और जयपुर जिलाध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास का कहना है कि कांग्रेस पार्टी जयपुर के सभी थानों में नगर निगम के नेताओं और अधिकारियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज करवाएगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि जयपुर की जनता के साथ नगर निगम के अधिकारियों और नेताओं ने बहुत बड़ा धोखा किया।

कांग्रेस का यह भ्रष्टाचार का आरोप
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भ्रष्टाचार करते हुए निगम ने फर्जी पट्टे जारी किए हैं। सुविधा क्षेत्र की जमीनों पर भी फर्जी पट्टे जारी कर दिए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतना बड़ा घोटाला हो जाने के बावजूद राज्य सरकार और नगर निगम ने इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया। जबकि राज्य सरकार और निगम प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह इस पूरे मामले की जांच करवाकर सच्चाई को सामने लाती। क्योंकि फर्जी पट्टा प्रकरण के बाद अब उन सब पट्टों पर सवाल खड़े हो गए हैं जो वर्तमान नगर निगम प्रशासन ने जारी किए थे। इसलिये यह जरूरी है कि जनता के खनू-पसीने की कमाई जमा करके जो पट्टे जारी किए गए। उनमें कितना घोटाला हुआ, वो अब सबके सामने आना जरूरी है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जानी भी जरूरी है।
कांग्रेस दर्ज करवाएगी एफआईआर
कांग्रेस 14 मार्च को सुबह 11 बजे जयपुर के सभी 91 वार्डों मे कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने वार्ड में स्थित थाने में जाकर नगर निगम के विरूद्ध परिवाद दाखिल करेगें तथा परिवाद के जरिए भाजपा बोर्ड सहित जो भी फर्जी पटटा प्रकरण के भ्रष्टाचार में जिम्मेदार हैं, उनके विरूद्ध कार्यवाही की मांग करेंगे।

खाचरियावास खुद भी जाएंगे थाने
जयपुर शहर कांग्रेस प्रवक्ता मनोज मुदगल ने बताया कि शहर कांग्रेस के अध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास खुद शास्त्री नगर थाने में जाकर नगर निगम के विरूद्ध परिवाद दाखिल करेगें। इसी तरह जयपुर के सभी प्रदेश कांग्रेस, जिला कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जहां रहते हैं, वहां के थानों में नगर निगम के विरूद्ध परिवाद दायर करेगें।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.