scriptतबादलाें की सिफारिश के लिए मंत्रियों के घर जुटने लगी भीड़ | Crowds Gathering in Ministers Houses for Transfers | Patrika News

तबादलाें की सिफारिश के लिए मंत्रियों के घर जुटने लगी भीड़

locationजयपुरPublished: Mar 16, 2018 08:29:43 pm

Submitted by:

Ashish Sharma

तबादले की सिफारिश के लिए मंत्रियों के घर जुटने लगी भीड़….

Minister House

Minister House

जयपुर
तबादलों पर बैन हटने के बाद मंत्री आैर विधायकों के घर पर लोगों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया है। सिविल लाइन्स, गांधीनगर समेत अन्य स्थानों पर स्थित मंत्री निवासों पर पार्टी कार्यकर्ता और कर्मचारी अपने स्थानांतरण के लिए डिजायर करवाने के लिए जा रहे हैं। सुबह से ही मंत्री निवासों पर तबादलों की अर्जियों के साथ भीड़ जुटना शुरू हो जाती है। देर रात तक मंत्री निवास पर अर्जियां पहुंचाने का सिलसिला जारी है। मंत्री भी अपने निवास पर आने वाले लोगों को नाराज नहीं करके आश्वासन देते आ रहे हैं। सरकार का सबसे अधिक कर्मचारियों वाले महकमे शिक्षा विभाग में तबादलों को लेकर सर्वाधिक अर्जियां सामने आ रही हैं।
कृषि समेत कुछ विभागों ने तबादला सूचियां निकालना भी शुरू कर दिया है। कृषि विभाग ने अपने सात अधिकारियों के तबादले किए हैं। आपको बता दें कि पार्टी के कार्यकर्ता और विधायक तबादलों पर लगा बैन हटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। राज्य में करीब 8 लाख 68 हजार 534 सरकारी कर्मचारी हैं। सबसे ज्यादा कर्मचारी शिक्षा विभाग में हैं। शिक्षा विभाग में करीब 4 लाख कर्मचारी हैं। जबकि पंचायतीराज विभाग में 17 हजार 703, शहरी स्थानीय निकायों में 29 हजार 399 और स्वायत्तशासी संस्थाओं में करीब 26 हजार 487 कर्मचारी हैं।
पार्टी कार्यालय पर भी भीड़भाड़

मंत्री, विधायक और अन्य राजनेताओं के घरों के साथ ही कर्मचारी संगठनों के कार्यालयों में भी कर्मचारी अपनी अर्जियां दे रहे हैं। भाजपा मुख्यालय का भी कमोबेश यही हाल है। मंत्रियों की अगर बात की जाए तो सबसे ज्यादा भीड़ इन दिनों शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी के निवास पर है। आपको बता दें कि राजस्थान में सभी प्रकार के कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक हाल ही में सरकार ने हटा ली है।
आखिरी साल में बंपर तबादले

सरकार के कार्यकाल का आखिरी साल होने और चुनावी वर्ष होने के कारण इस बार बड़ी संख्या में तबादले होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की डिजायरों को तरजीह देकर उन्हें खुश करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं तक पहुंच रखने वाले कर्मचारियों में मनचाहे स्थान पर जाने की खुशी है, वहीं पार्टी पॉलिटिक्स से दूर रहने वाले कर्मचारियों को अपने स्थानांतरण का डर भी सता रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो