scriptशहीद का अपमान करने वालों को गिरफ्तार करने की उठी मांग, लोगों ने किया प्रदर्शन | Demands to arrest those who insulted the martyr, people demonstrated | Patrika News

शहीद का अपमान करने वालों को गिरफ्तार करने की उठी मांग, लोगों ने किया प्रदर्शन

locationजयपुरPublished: Nov 28, 2019 07:30:33 pm

Submitted by:

Arvind Palawat

मुरलीपुरा थाना इलाके में शहीद कुंवर प्रताप सिंह बारहठ मार्ग पर लगे साइन बोर्ड तोडऩे का मामला लगातार गर्माता जा रहा है।

शहीद का अपमान करने वालों को गिरफ्तार करने की उठी मांग, लोगों ने किया प्रदर्शन

शहीद का अपमान करने वालों को गिरफ्तार करने की उठी मांग, लोगों ने किया प्रदर्शन

जयपुर। मुरलीपुरा थाना इलाके में शहीद कुंवर प्रताप सिंह बारहठ मार्ग पर लगे साइन बोर्ड तोडऩे का मामला लगातार गर्माता जा रहा है। शहीद के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने के साथ ही साइन बोर्ड तोडऩे वाले आरोपियों की 48 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर गुरूवार को स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सबसे पहले उन्होंने तोड़े हुए साइन बोर्ड को फिर से लगाया। साइन बोर्ड लगाने के बाद नगर निगम के पूर्व चैयरमेन भगवत सिंह देवल के साथ ही बड़ी संख्या में लोग धरने पर बैठे और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
यह था मामला
पूर्व चैयरमेन भगवत सिंह देवल ने बताया कि नगर निगम की ओर से प्रताप नगर चौराहे का नामकरण शहीद कुंवर प्रताप सिंह बारहठ के नाम पर किया था। कुछ दिन पहले पूर्व महापौर विष्णु लाटा ने साइन बोर्ड का उद्घाटन भी किया था। लेकिन, मंगलवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने साइन बोर्ड तोड़ दिए और शहीद पर अशोभनीय टिप्पणी की। इस संबंध में मुरलीपुरा थाने में गोपाल प्रजापत, रामनारायण सैनी, भूपेंद्र सैनी, किशन लाल सैनी, रतन लाल सैनी, कन्हैयालाल सैनी सहित अन्य के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है।
पुलिस कार्रवाई पर जताया असंतोष
मुरलीपुरा थाना इलाके के प्रताप नगर चौराहे पर शहीद कुंवर प्रताप सिंह बारहठ मार्ग के साइन बोर्ड तोडऩे के मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट लोगों ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने ज्ञापन में आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की। इसके बावजूद कार्यवाही नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने गुरूवार को प्रताप नगर चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा भी पहुंचे और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होने की बात कही। इधर, देवल का कहना है कि पुलिस ने 48 घंटे गुजरने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो