नंदोत्सव में भक्तों ने ,खूब लूटी खुशियों की उछाल
जयपुरPublished: Sep 08, 2023 02:21:43 pm
भगवान श्री कृष्ण की जन्म की खुशी में आज राजधानी जयपुर के कृष्ण मंदिरों में नंदोत्सव मनाया गया।
जयपुर। भगवान श्री कृष्ण की जन्म की खुशी में आज राजधानी जयपुर के कृष्ण मंदिरों में नंदोत्सव मनाया गया। इस मौके पर बधाई गान के साथ-साथ उछाल कार्यक्रम हुए। शहर के आराध्य गोविंददेव मंदिर में सुबह उल्लास के साथ नंदोत्सव मनाया गया। ठाकुरजी की उछाल लुटने के लिए हर कोई आतुर नजर आ रहा था। झांकी के बाद जैसे ही नंदोत्सव शुरू हुआ तो उपस्थित श्रद्धालुओं ने नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की... जय घोष से मंदिर परिसर को गुंजायमान कर दिया। इस दौरान बैंड वादन भी हुआ। उछाल में महंत परिवार की ओर से टॉफी, गेंद, खिलौने, बिस्कुट, सीटी, बांसुरी, चॉकलेट आदि की उछाल की गई। श्रद्धालुओं ने दोनों हाथों से ठाकुरजी के जन्मोत्सव की खुशियों की उछाल लूटी। क्या अमीर क्या गरीब सब में उछाल लूटने की होड मची रही। पुरानी बस्ती स्थित गोपीनाथ मंदिर, अक्षय पात्र, हरे कृष्ण मार्ग स्थित कृष्ण बलराम मंदिर, मानसरोवर, धौलाई स्थित गिरिधारीदाऊ मंदिर (इस्कॉन मंदिर) में भी नंदोत्सव मनाया गया।