scriptकुत्तों ने मचाया ऐसा आंतक…. घर से नहीं निकलते लोग | Difficult to escape from the horror of horror dogs | Patrika News

कुत्तों ने मचाया ऐसा आंतक…. घर से नहीं निकलते लोग

locationजयपुरPublished: Jan 12, 2018 03:28:52 pm

Submitted by:

Vikas Jain

आवारा श्वानों के आतंक से घरों से निकलना हुआ मुश्किल

horror dog
टोंक रोड। यहां की कॉलोनी महावीर नगर के टी-1 स्कीम में आवारा श्वानों का आतंक मचा हुआ है। लोग इतने आतंकित है कि लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। करीब २०-२५ की संख्या में मौजूद श्वानों के भय से रात को स्थानीय लोगों ने बाहर निकलना तक बंद कर दिया है। ये श्वान कॉलोनी में आने वाले राहगीरों के वाहनों की आवाज से बिदक जाते हैं और उन पर हमला भी करते हैं। और तो और इन श्वानों ने अब तक कई अन्य पशुओं पर हमला कर उन्हें मार भी चुके हैं। स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार पार्षद और नगर निगम को भी अवगत कराया लेकिन कोई हल नहीं निकला।
घरों में दुबके महिलाएं और बच्चे-
टी-1 स्कीम, महावीर नगर विकास समिति के अध्यक्ष पवन जैन ने बताया कि आवारा श्वानों की समस्या से महिलाओं और बच्चों का कॉलोनी में घूमना-फिरना लगभग बंद सा हो गया है। किसी भी हादसे की आशंका के भय से लोग जरूरी काम हो, तभी बाहर निकलते हैं।
वाहन चालकों पर करते हैं हमला-
विकास समिति के सदस्य अरुण पुंगलिया ने बताया कि कॉलोनी में जो भी वाहनचालक आता है उस पर ये श्वान हमला किए बगैर नहीं रहते। कई बार तो चालक खुद को बचाने के चक्कर में गिरकर घायल भी हो गए। इसके अलावा सर्द रातों में ये श्वान वाहनों की आवाज से बिदक कर भौंकते भी हैं, जिससे लोगों की नींद में खलल पड़ रहा है।
इसकी टोपी उसके सिर-
कॉलोनी के स्थानीय लोगों ने बताया कि आवारा श्वानों को पकड़वाने के लिए उन्होंने स्थानीय पार्षद से गुहार लगाई। पार्षद ने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने को कहा। लोगों ने जब नगर निगम में संपर्क साधा तो जिस भी अधिकारी से बात करते वह किसी अन्य अधिकारी के नंबर दे देता और जब उससे बात करते तो वह किसी तीसरे अधिकारी से बात करने को कहता। इससे परेशान होकर लोगों ने उम्मीद ही छोड़ दी। दूसरी ओर निगम के एक अधिकारी ने तो ये भी जवाब दिया कि हाइकोर्ट ने आवारा श्वानों को पकडऩे पर रोक लगा रखी है।
इनका कहना है-
आवारा श्वानों ने अभी कुछ दिन पहले ही बछड़ों को मार दिया था। ऐसा पहले भी कई बार हो चुका। कॉलोनीवासी इन श्वानों से काफी परेशान है। जल्दी ही इनको यहां से हटाया जाए।
-पवन जैन,अध्यक्ष, टी-1 स्कीम, महावीर नगर विकास समिति
आवारा श्वानों के भय के कारण कॉलोनी के लोगों ने घर से बाहर निकलना कम कर दिया है। कई बार तो श्वानों ने हमला कर लोगों को घायल भी कर दिया।
-अरुण पुंगलिया, पूर्व सचिव, टी-1 स्कीम, महावीर नगर विकास समिति
इनका कहना है
– लोगों को हो रही परेशानी जायज है। नगर निगम जोन और अधिकारियों को भी इस बारे में बताया जा चुका है। लेकिन इस ओर नगर निगम की ओर से सकारात्मक रवैया नहीं अपनाया जा रहा है।
– महेन्द्र अजमेरा, क्षेत्रीय पार्षद
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो