जयपुर

किशनपोल बाजार में बनेगा 55 फीट ऊंचा एफिल टॉवर

jaipur news
—शनिवार को शहरभर में विभिन्न संस्थाओं की ओर से कई कार्यक्रम हुए, रविवार को शहरभर में चिकित्सा शिविर आयोजित होंगे

जयपुरOct 19, 2019 / 09:22 pm

Harshit Jain

किशनपोल बाजार में बनेगा 55 फीट ऊंचा एफिल टॉवर

जयपुर. किशनपोल बाजार में दिवाली पर छोटी चौपड़ पर किशनपोल बाजार की तरफ रूख करते हुए 55 फीट ऊंचा पेरिस का एवन ऐफिल टॉवर बनाया जाएगा। संतोष मोटवानी ने बताया कि इस बार अजमेरी गेट पर 30 फीट ऊंचा चन्द्रयान-2 का लांचिंग पैड बनाया जा रहा है। सबसे खास बात यह है कि रॉकेट की लाईव लांचिंग भी की जाएगी। साथ ही पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम व इसरो चेयरमैन कैलासवादिवु सिवन का स्टेच्यू भी बनाया जाएगा।
ऐफिल टॉवर के नीचे से सारा यातायात निकलेगा। किशनपोल व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनीष खूटेटा ने बताया कि बाजार तिरंगे के केसरिया रंगों की थीम में सजाया जाएगा।
………..

णमोकार महामंत्र से मुनि चिन्मयसागर को दी विनयांजलि

जयपुर. जंगल वाले बाबा के नाम से विख्यात राष्ट्रसंत मुनि चिन्मय सागर ने सल्लेखना समाधि प्राप्त की। टोंक फाटक मधुवन कॉलोनी स्थित जैन मंदिर में शनिवार शाम को णमोकार मंत्र का जाप कर विनयांजलि दी गई। सकल दिंगबर जैन समाज एसएफएस की ओर से भी मुनि को विनयांजलि दी गई। मुनि का राजस्थान से भी गहरा नाता रहा है। शहर में मुनि ने चातुर्मास किया। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को अहिंसा के सिद्धांतों को सिखाने के साथ ही व्यसन मुक्ति दिलाने के लिए कई प्रेरणात्मक सामाजिक कार्य किए। विशेषकर आदिवासी समाज के बीच बुरी लतों से मुक्त करने का काम किया। इसके लिए अमरीका के एक विश्वविद्यालय ने उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। मुनि ने सामाजिक कार्यों के लिए एक ट्रस्ट की स्थापना भी की थी। मुनि के यम सल्लेखना सहित समाधि मरण पर दिगम्बर जैन महासमिति के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष महेन्द्र कुमार पाटनी, राजस्थान जैन सभा जयपुर के अध्यक्ष कमल बाबू जैन ने मुनि के देवलोक गमन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें विनयांजलि दी।

……………….

विभिन्न चिकित्साओं से जुड़ें चिकित्सक आज देंगे परामर्श

जयपुर. गायत्री शक्तिपीठ वाटिका की ओर से रविवार मुरलीपुरा स्थित गायत्री कुंज शाम चार बजे से चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। शिविर में एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, प्राकृतिक चिकित्सा, एक्यूप्रेशर चिकित्सा से जुड़े चिकित्सक सेवाएं देंगे। दोपहर 12 बजे प्राकृतिक चिकित्सा के रोग के निदान हेतु विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। साथ ही सर्टिफिकेट कोर्स के लिए भी दो घंटे की कक्षाएं चलेंगी। हर महीने के तीसरे रविवार को चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा।
………
रावण की पगड़ी रस्म आज
जयपुर.प्रताप नगर सेक्टर— 8 व्यापार मंडल की ओर से रविवार को रावण की पगड़ी रस्म एवं ब्राह्मण भोज का आयोजन एमरल्ड गार्डन में होगा। राजेन्द्र पटेल ने बताया कि बीते सात साल यह आयोजन शहर में किया जा रहा है।
………

सामुदायिक बालसभा

जयपुर. हाथोज धाम में शनिवार को सामुदायिक बालसभा स्वामी बालमुकुंदाचार्य के सान्निध्य में आयोजित हुई। स्वामी ने कहा कि संस्कृत भाषा भारत की आत्मा है पूरे विश्व में संस्कृत का दिनोंदिन महत्व बढ़ता जा रहा है। बाल सभा में बच्चों ने विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों का प्रदर्शन किया।
……..
सवर्ण आरक्षण सरलीकरण का ओझा ने किया स्वागत

जयपुर. विप्र फाउण्डेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री आर. के.ओझा ने सवर्ण आरक्षण के प्रावधानों के सरलीकरण का स्वागत करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया है। ओझा ने कहा कि सवर्ण आरक्षण में अचल संपत्ति का प्रावधान हटाकर केवल वार्षिक आय ही पात्रता का आधार रखने से सवर्ण समाज के जरूरत मंदो का इसका समुचित लाभ मिल सकेगा और वे सवर्ण परिवार भी इस आरक्षण का लाभ उठा सकेंगे।
…………..

नासिर को नेवल एनसीसी में कैप्टन रैंक

जयपुर. महाराजा कॉलेज के नासिर अजीज को नेवल एनसीसी मे सीनियर कैडेट कैप्टन रैंक पर नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि नासिर इस वर्ष भारत को ओएसडी/वाईपी यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत मॉरिशस, साउथ अफ्रीका सहित अन्य देशों में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कॉलेज प्राचार्य डॉ.रामवीर सिंह, उप प्राचार्य डॉ. नीलिमा गुप्ता ने नासिर के चयन पर खुशी जताई है।
——–

मददगार सिपाहियों ने असहायों को करवाया भोजन

जयपुर. मददगार सिपाही स्कवॉड संस्था की ओर से चार दरवाजा स्थित दरगाह मौलाना साहब के बार लंगर बरताया। संस्था के कन्वीनर चीफ काजी खालिद उस्मानी ने बताया कि इस दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद भोजन लेकर खुश नजर आए।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.