डाउनफॉल: सर्दी का सितम, एक ही रात में जयपुर का 6 डिग्री गिरा पारा
बर्फबारी, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के कारण बढ़ रही सर्दी
प्रदेश के दस से ज्यादा जिलों में पारा सात डिग्री के नीचे दर्ज

जयपुर। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बर्फबारी, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती हवाओं के कारण जयपुर सहित प्रदेशभर में फिर से मौसम का मिजाज बदल गया है। इससे मैदानी इलाकों में भी फिर से तेज सर्दी का असर बढ़ गया है। तापमान में लगतार गिरावट देखने को मिल रही है। जयपुर में आज सुबह का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह मौसम साफ रहा। धूप निकलने के साथ ही शहरवासियों ने राहत की सांस ली। सीकर, फतेहपुर सहित अन्य जगहों पर कोहरा छाने से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ, वहीं फसलों पर बर्फ जम गई।
बीते पांच साल में जयपुर इस जनवरी में सबसे ठंडा
प्रदेश में सबसे ठंडा माउंट आबू रहा। यहां तापमान में दो डिग्री की गिरावट के साथ ही बीती रात का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चूरू का तापमान 1.9 डिग्री, श्रीगंगानगर का 3.9 डिग्री, बीकानेर का 5.4, फलौदी का 6.8, जोधपुर का 7.1, बाड़मेर का 5, ऐरा रोड का 5, सीकर का 4, पिलानी 3.9, अलवर का 7.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जयपुर के न्यूनतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट देखने को मिली। बीती रात का तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को जयपुर को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक बीते पांच साल में जयपुर जनवरी में सबसे ठंडा रहा।
फतेहपुर का पारा माइनस एक डिग्री, अलर्ट जारी
फतेहपुर में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री दर्ज किया गया। यहां बीते 24 घंटे में पारा 4.5 डिग्री लुढ़का। वहीं जोबनेर का तापमान 9 डिग्री लुढ़ककर दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को सीकर, अलवर, भरतपुर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, नागौर, पाली सहित अन्य जिलों में तेज शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने उक्त जिलों में आगामी चार दिन तेज शीतलहर चलने का अनुमान जताया है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज