script

24 घंटे बंद रहेगी बनास जलापूर्ति

locationजयपुरPublished: Jul 23, 2020 11:01:36 am

Submitted by:

anand yadav

तैयारियों में जुटा जलदाय विभाग शुक्रवार सुबह और शनिवार शाम कम दबाव से होगी जलापूर्ति शुक्रवार सुबह की जलापूर्ति में कटौती तय

जयपुर। बीसलपुर बांध से जयपुर और टोंक जिले को मिलने वाली बनास जलापूर्ति शुक्रवार और शनिवार सुबह दस बजे तक बाधित रहने वाली है। विभाग ने सूरजपुरा से लेकर बालावाला और राजधानी में रामनिवास बाग पंप हाउस में वाटर पंप बदलने के अलावा अन्य तकनीकी काम करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं जयपुर और टोंक के बाशिंदों को शुक्रवार सुबह दस बजे पहले होने वाली जलापूर्ति कम दबाव और कम समय तक मिलने की आशंका है।
जानकारी के अनुसार चौबीस घंटे बनास जलापूर्ति बंद रहने पर जलदाय विभाग राजधानी में जलापूर्ति इंतजामों की वैकल्पिक तैयारियो में जुटा है। शहर में चौबीस घंटे तक पाइप लाइनों के अलावा सरकारी टैंकरों से निशुल्क जल वितरण व्यवस्था भी खो नागौरियान के अलावा क्षेत्रों में बंद रहेगी। ऐसे में विभाग ने उपभोक्ताओं से पेयजल का पर्याप्त भंडारण करने की अपील की है। गुरूवार शाम से शहर के पंप हाउसों को मिलने वाली बनास जलापूर्ति बंद कर दी जाएगी। ऐसे में शुक्रवार सुबह शहर में होने वाली जलापूर्ति कम दबाव और कम समय तक ही होने की आशंका है। विभाग शहर में आधे से पौन घंटे तक रूटीन जलापूर्ति रोजाना करता है लेकिन शहरी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तय समय से कम रूटीन पेयजल आपूर्ति होना तय है। हालांकि विभाग के अधिकारियों ने गुरूवार देरशाम तक शहर के पंप हाउसों में ज्यादा पानी स्टोरेज करने की बात कही है। लेकिन फिर भी देरशाम से बनास जलापूर्ति बंद होने पर शुक्रवार सुबह दस बजे से शनिवार सुबह दस बजे तक बनास जलापूर्ति बंद रहेगी। ऐसे में चौबीस घंटे बीसलपुर पानी की सप्लाई लॉक डाउन रहेगी। दूसरी तरफ जलदाय अधिकारियों ने तय समय से पहले सभी काम पूरे करने व शनिवार सुबह की रूटीन जलापूर्ति करने का प्रयास करने की बात कही है।

इन इलाकों में ठप रहेगी बनास जलापूर्ति
शुक्रवार सुबह दस बजे से लेकर शनिवार सुबह नौ तक जयपुर समेत जिले के दूदू, सांभर, फुलेरा, फागी, नरेना, चाकसू, बस्सी एवं टोंक जिले के निवाई, टोडारायसिंह और मालपुरा के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी।
यह होंगे काम
बीसलपुर के इंटेक पम्प हाउस पर विद्युत आपूर्ति सिस्टम की ओवर हॉलिंग की जाएगी। इसके साथ सूरजपुरा पम्प हाउस में 700 एमएम के 2 स्लूस वॉल्व के चैकनट और रॉड को बदला जाएगा शेष सभी 30 स्लूस वॉल्व एवं बटरफ्लाई वॉल्व की ओवरहॉलिंग की जाएगी। सूरजपुरा पम्प हाउस पर वॉल्व की रॉड और चैकनट बदलने के लिए पाईप लाईन को खाली किया जाएगा।
रामनिवास बाग पंप हाउस में लगेंगे नए वाटर पंप
राम निवास बाग के पम्पिंग स्टेशन में अमृत योजना के अन्तर्गत एक पम्प हटाकर उनकी जगह नया पम्प लगाया जाएगा। इसके साथ ही 4 स्लूस वॉल्व को हटाकर नये वॉल्व लगाए जाएंगे। इसी तरह अमानीशाह पम्पिंग हाउस पर सभी वाल्वस् की ओवरहॉलिंग की जायेगी। राम निवास बाग पम्पिंग स्टेशन पर विद्युत आपूर्ति सिस्टम की भी ओवर हॉलिंग की जायेगी।
बालावाला पम्प हाउस पर वेस्टर्न फीडर के वाल्व की ओवर हॉलिंग का काम होगा वहीं सांगानेर रेलवे स्टेशन के पास एवर वाल्व के स्टब को बदला जाएगा।

ट्रेंडिंग वीडियो