script

मानसून सुस्त,अंधड़ संग लौटी गर्मी

locationजयपुरPublished: Jul 03, 2020 11:45:11 am

Submitted by:

anand yadav

पश्चिमी राजस्थान में अगले 24 घंटे में चक्रवाती हवा चलने की चेतावनी बीकानेर,जैसलमेर में शुक्रवार को लू चलने के संकेत पूर्वी इलाकों में छिटपुट बौछारें गिरने से दिन के तापमान में आंशिक गिरावट अगले 48 घंटे में पूर्वी इलाकों में मानसूनी हलचल बढ़ने की उम्मीद

WEATHER UPDATE: मानसून सुस्त,अंधड़ संग लौटी गर्मी

WEATHER UPDATE: मानसून सुस्त,अंधड़ संग लौटी गर्मी

जयपुर। प्रदेश में दक्षिण पश्चिमी मानसून की सुस्ती के कारण गर्मी लौट आई है। प्रदेश का पश्चिमी इलाका भीषण लू की चपेट में है तो पूर्वी इलाकों में भी गर्मी तीखे तेवर दिखा रही है। हालांकि मौसम विभाग ने प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में लू का दौर थमने और चक्रवाती तंत्र सक्रिय होने पर धूलभरी हवा चलने का पूर्वानुमान जताया है। वहीं दूसरी तरफ अगले 48 घंटे में पूर्वी राजस्थान में मानसूनी हलचल बढ़ने व करीब 18 जिलों में बौछारें गिरने की संभावना जताई है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश में दिन के तापमान में उतार चढ़ाव रहा। हालांकि बीकानेर और जैसलमेर जिले में अब भी लू के कारण पारे का मिजाज गर्म बना रहा है। बीती रात के तापमान में हुई आंशिक बढ़ोतरी के साथ ही उमस के कारण भी मौसम में गर्माहट बढ़ रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बीकानेर और जैसलमेर जिले में लू चलने की चेतावनी दी है। वहीं शुक्रवार को प्रदेश के 18 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह छितराए बादलों की आवाजाही के साथ गर्मी के तेवर तीखे रहे। सूर्योदय के साथ ही सुबह आठ बजे शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस जा पहुंचा। सुबह शहर में करीब 13 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली उत्तर पश्चिमी हवा के असर से शहर में मौसम शुष्क रहा है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने व दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की संभावना है।
बीती रात जयपुर में पांच डिग्री उछला पारा
दिन के तापमान में हो रही बढ़ोतरी का असर अब रात में भी पड़ने लगा है। बीती रात जयपुर के तापमान में पारा पांच डिग्री उछलकर 32 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। वहीं प्रदेश में हाड़ौती अंचल के अलावा अन्य शेष जिलों में बीती रात पारा 30 डिग्री या उससे ज्यादा रेकॉर्ड किया गया। बीकानेर और फलोदी बीती रात सबसे गर्म रहे।
कहां कितना रहा न्यूनतम तापमान
माउंट आबू— 19
बूंदी— 24.4
कोटा— 26.7
डबोक— 27.8
भीलवाड़ा— 27.9
सीकर— 28
चित्तौड़—28.5
जैसलमेर— 28.9
अजमेर— 29.5
बाड़मेर— 30
जोधपुर— 30.4
वनस्थली— 30.4
सवाई माधोपुर— 31
चूरू— 31.1
जयपुर— 32
पिलानी— 32.2
श्रीगंगानगर— 32.5
बीकानेर— 33.7
फलोदी— 33.8

— न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में

ट्रेंडिंग वीडियो