script

पृथ्वी को मिला नया चांद, तीन साल से लगा रहा चक्कर

locationजयपुरPublished: Feb 28, 2020 01:32:16 am

Submitted by:

anoop singh

खगोल विज्ञान : 19 फरवरी को पहली बार दिखा, कार जितना है आकार
 

पृथ्वी को मिला नया चांद, तीन साल से लगा रहा चक्कर

पृथ्वी को मिला नया चांद, तीन साल से लगा रहा चक्कर

नई दिल्ली.
अब तक हम ये मान रहे थे कि पृथ्वी का एक ही चंद्रमा है, लेकिन अब अचंभित करने वाला एक नया तथ्य सामने आया है। अब हमें पृथ्वी के दूसरे चांद के बारे में भी पता चला है। धूमकेतु और क्षुद्रग्रह की खोज करने वाली अमरीकी संस्था कैटालिना स्काई सर्वे ने अंतरिक्ष में एक पिंड की खोज की है, जो करीब तीन साल से पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण से बंधकर चंद्रमा की तरह पृथ्वी का चक्कर लगा रहा है। वैज्ञानिकों ने इसे 2020 सीडी3 का नाम दिया है। 19 फरवरी को ‘कैटालिना स्काई सर्वेÓ के खगोलविदों ने एक धीमी वस्तु को पृथ्वी के करीब घूमते हुए देखा। यह पृथ्वी के काफी करीब था और आकार में चंद्रमा से छोटा था। इसी चीज को तब दुनिया भर के छह अन्य वैधशालाओं के शोधकर्ताओं ने भी देखा था। शोधकर्ताओं का कहना है कि इसे मिनी मून माना जा सकता है। उन्होंने ये भी कहा कि नया और शायद अस्थायी मिनीमून 1.9 मीटर और 3.5 मीटर के बीच का है, जो लगभग एक छोटी आकार की कार के सामान है।
ट्वीट कर दी जानकारी
खगोलविद् कैस्पर विर्कोज ने 19 फरवरी को ट्वीट किया कि मैंने और टेडी प्रुयने ने 20वें मैग्नीट्यूड का पिंड खोजा है। यह पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण से बंधा हुआ है। सौर विकिरण के कारण गड़बड़ी का सबूत नहीं मिला। कृत्रिम वस्तु का लिंक भी नहीं मिला है।
पहले भी मिला था एक चंद्रमा
यह पहली बार नहीं है कि पृथ्वी के 1 से ज्यादा चंद्रमा का पता चला हो। इससे पहले 2006 में आरएच 120 नाम से अस्थायी चंद्रमा का पता चला था। यह जून 2007 तक गुरुत्वाकर्षण में रहने के बाद अलग हो गया। वैज्ञानिकों का मानना है कि 2020 सीडी 3 भी संभवत: अस्थायी हो।
शोधकर्ताओं की एक परिकल्पना यह भी
कुछ साल पहले शोधकर्ताओं ने परिकल्पना की थी कि 4 अरब साल पहले पृथ्वी का दूसरा चांद था, जो बड़े चांद से टकरा कर नष्ट हो गया था। इसी कारण चांद की सतह पर खाइयां बनी होंगी। दूसरा चांद लाखों साल अस्तित्व में रहा होगा।

ट्रेंडिंग वीडियो