scriptरामगढ़ चुनाव : ये बनाएंगे मुकाबले का त्रिकोणीय | election | Patrika News

रामगढ़ चुनाव : ये बनाएंगे मुकाबले का त्रिकोणीय

locationजयपुरPublished: Jan 28, 2019 02:11:49 am

Submitted by:

pushpesh

-मतदान आज, कांग्रेस, भाजपा और बसपा में कड़ी टक्कर

कांग्रेस, भाजपा और बसपा में कड़ी टक्कर

रामगढ़ चुनाव : ये बनाएंगे मुकाबले का त्रिकोणीय

अलवर/जयपुर.

अलवर जिले के रामगढ़ में सोमवार को हो रहे विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय संघर्ष बना हुआ है। इसके चलते जहां चुनावी तस्वीर धुंधली बनी हुई है, वहीं मतदान प्रतिशत अधिक रहने की संभावना बनी हुई है। त्रिकोणीय मुकाबला होने के कारण कांग्रेस, भाजपा और बसपा के प्रत्याशियों के समर्थक एक-एक वोट डलवाने का हर संभव प्रयास में जुटे हैं। जिसकी कई दिनों से रणनीति बनाई जा रही है। वहीं पिछले कुछ विधानसभा चुनावों को देखें तो सबसे अधिक दिलचस्प चुनाव भी रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र का रहा है। यहां मोदी लहर में भी रामगढ़ में भाजपा के प्रत्याशी बहुत कम अन्तर से जीत सके थे। इससे पहले के चुनावों भी यहां भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच हार-जीत का अन्तर अधिक नहीं रहा है। लेकिन इस बार बसपा ने वोटों का गणित बदल दिया है। राजनीति के जानकारों का कहना है कि अब देखने वाली बात यह है कि कौन प्रत्याशी उसके पक्ष के कितने वोट डलवा पाता है, परिणाम उसी पर निर्भर करेगा।
वोटों का धु्रवीकरण कम
रामगढ़ के पिछले चुनावों में भाजपा कांग्रेस के बीच वोटों का धु्रवीकरण होता रहा है। भाजपा का अलग एजेण्डा रहा है। कांग्रेस का भी बड़ा वोट बैंक रहा है। दोनों की एक-दूसरे के प्रति विरोधी छवि के आधार पर वोट मिलता रहा है। लेकिन इस बार वोटों के धु्रवीकरण में बसपा बीच में है। जो दोनों तरफ के वोटों में सेंध कर रही है।
त्रिकोणीय संघर्ष वाली सीटों पर 80 फीसदी से अधिक हुआ मतदान
दिसंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनावों में जहां त्रिकोणीय मुकाबला रहा, वहां मतदान का प्रतिशत 80 के आसपास रहा है। ऐसे में रामगढ़ में भी वोट प्रतिशत बढऩे की संभावना है। साल 2013 के चुनावों में रिकॉर्ड वोट पड़े थे।
यहां त्रिकोणीय संघर्ष, वहां वोट प्रतिशत
हाल 2018 के विधानसभा चुनावों में किशनगढ़बास में 77.50 प्रतिशत, तिजारा में 82, बानसूर में 75.83, थानागाजी में 78.45, बहरोड़ में 74.70 प्रतिशत के आसपास वोट पड़े हैं। इन पांच जगहों के विधानसभा चुनावों में दो जगहों पर निर्दलीय और दो जगहों पर बसपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है।
रामगढ़ चुनाव : 20 प्रत्याशी, 2 लाख 35 हजार 598 मतदाता
रामगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान दल रविवार को अलवर से रवाना हुए। 278 मतदान केंद्रों पर 1280 मतदान कर्मी चुनाव कराएंगे। 3000 से ज्यादा अद्र्ध सैनिक बल लगाए हैं। 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कांग्रेस की सफिया खान, भाजपा के सुखवंत सिंह व बसपा के जगतसिंह के बीच रहने के आसार हैं। रामगढ़ में 2 लाख 35 हजार 598 मतदाता हैं। पूर्व में बसपा प्रत्याशी के निधन के कारण यहां चुनाव स्थगित हुए थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो