scriptगोविंददेवजी के दरबार में उड़ने लगे होली के रंग | Fag Mahotsav started at Govinddev ji temple | Patrika News
जयपुर

गोविंददेवजी के दरबार में उड़ने लगे होली के रंग

रचना झांकी के साथ फागोत्सव शुरू

जयपुरFeb 19, 2020 / 12:08 pm

SAVITA VYAS

गोविंददेवजी के दरबार में उड़ने लगे होली के रंग

गोविंददेवजी के दरबार में उड़ने लगे होली के रंग

जयपुर। शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में मंगलवार को रचना झांकी सजने के साथ फागोत्सव शुरू हुआ। मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में ठाकुरजी को प्राकृतिक गुलाल अर्पित की गई। ठाकुरजी और राधा रानी को रंग-बिरंगी गुलाल से तैयार विशेष पोशाक धारण करवाई गई। दोपहर में ठाकुरजी के रचना झांकी सजाई गई, जिसके दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। राधा रानी और गोविंददेवजी हाथों में सोने की पिचकारी थामे हुए नजर आए। मंदिर प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि रचना झांकी के पहले दिन गुलाल से प्रथम पूज्य गणेशजी, रिद्धी-सिद्धी, नारियल और पंच पल्लव के साथ मंगल कलश, केले के पेड़, दूब, स्वस्तिक सहित अन्य मांगलिक मांडणे बनाए गए। रचना झांकी 2 मार्च तक सजेगी। ठाकुरजी को रोजाना अलग-अलग रंगों की प्राकृतिक गुलाल से रंगी पोशाक धारण करवाई जाएगी। रचना झांकी का समय दोपहर 12.30 से एक बजे तक रहेगा। शेखावाटी के रंग रसिया सांस्कृतिक मंडल की ओर से गोविंददेवजी मंदिर में 21 फरवरी को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक फागोत्सव का आयोजन होगा। इसमें शेखावाटी के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
3 से 5 मार्च तक तीन दिवसीय होलिकोत्सव मनाया जाएगा। इसमें तीन दिन तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। नृत्य गायन कलाकार दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक ठाकुरजी के समक्ष अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान रचना झांकी का समय दोपहर 2 से 4 बजे तक खुलेंगे। 6 व 7 मार्च को ठाकुरजी के समक्ष पुष्प फागोत्सव मनाया जाएगा। इमसें कोलकाता के भजन सम्राट बाल व्यास श्रीकांत शर्मा दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक भजनामृत की वर्षा करेंगे। इस दौरान झांकी के दर्शन अपराह्न 3 से 5 बजे तक खुलेंगे। महोत्सव के तहत 8 मार्च को होली पद गायन होगा। कोलकाता के मालीराम शास्त्री होली के पदों का गायन करेंगे। झांकी के दर्शन अपराह्न 3 से 5 बजे तक खुलेंगे। 9 मार्च को राज भोग की आरती के बाद मंदिर प्रांगण में गुलाल से होली खेली जाएगी। इसी दिन महाप्रभु चैतन्य देव की जयंती भी मनाई जाएगी। संध्या झांकी से पूर्व पंच द्रव्यों से ठाकुर गौर गोविन्द के अभिषेक दर्शन होंगे। उधर कनक घाटी स्थित मंदिर श्री राधा माधवजी में 23 फरवरी को फागोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान रचना झांकी के दर्शन शाम पांच से सात बजे तक होंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो