जयपुर

जयपुर : व्यापारी पर फायरिंग से इलाके में फैली दहशत, घायल अवस्था में अस्पताल में इलाज जारी

एक गोली उसके कंधे में लगी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल व्यापारी को संतोकबा दुर्लभजी अस्पताल में भर्ती करवाया है…

जयपुरMay 26, 2019 / 03:45 am

dinesh

जयपुर।
जयपुर के बरकत नगर में शनिवार रात को एक व्यापारी पर उसके ही घर के बाहर फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से व्यापारी पर फायर किया। हालांकि व्यापारी के हौसले के आगे बदमाशों का दुस्साहस पस्त हो गया। गोली लगने के बाद भी व्यापारी ने बैग नहीं छोड़ा और बदमाशों को भागना पड़ा।
डीसीपी पूर्व राहुल जैन ने बताया कि घटना बरकत नगर गली नंबर नौ स्थित प्रताप नगर में हुई है। स्थानीय निवासी व्यापारी सतीश बंसल पर अज्ञात तीन बदमाशों ने फायर किया है। बंसल की टोंक फाटक स्थित शुभ लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी है, जोकि होलसेल का काम करती है। रात्रि करीब पौने दस बजे दुकान बंद कर कलेक्शन के रुपए लेकर बाइक से ही घर लौट रहे थे। जैसे ही घर के बाहर रुके तो पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके साथ छीना झपटी शुरू कर दी। एक बदमाश ने पहले तो हवा में दो गोली चलाई, बंसल उससे भी नहीं डरे तो आरोपियों ने उसपर गोली चला दी, जोकि उनके कंधे पर लगी है। गोली लगने के बाद भी उसने बैग नहीं छोड़ा। घायल को दुर्लभजी अस्पताल में भर्ती करवाया है।
बिना नंबर की बाइक पर थे बदमाश
पुलिस का मानना है कि बदमाशों ने रैकी की होगी और दुकान से ही उनका पीछा कर रहे होंगे। बंसल के घर की गली सूनसान है और आगे से रास्ता भी बंद है। ऐसे में बदमाशों ने उनके घर के बाहर रुकते ही बैग छीनना चाहा। गोली की आवाज सुनकर जैसे ही घरों से लोग बाहर आए तो बदमाश अपनी बाइक घूमाकर भागे। लेकिन स्लिप होने पर वह बाइक वहीं छोड़ गए। बदमाश बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की बाइक पर थे। पुलिस उसके चैसीस नंबर से जानकारी जुटा रही है। हालांकि पुलिस उसे चोरी की मान रही है। वहीं पुलिस को नजदीक के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बदमाश दिखे हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.