script

VIDEO: राजस्थान में जानलेवा हुई भीषण गर्मी, एक ही दिन में 5 मौतें- अभी जारी रहेगा कहर!

locationजयपुरPublished: Jun 07, 2019 12:15:17 pm

Submitted by:

Nakul Devarshi

राजस्थान में जानलेवा हुई भीषण गर्मी, एक ही दिन में 5 मौतें- अभी जारी रहेगा कहर!

hot weather in rajasthan
जयपुर।

राजस्थान तवे सा तप रहा है। जून की भीषण गर्मी के आने वाले कुछ दिनों तक राहत मिलने के कोई संकेत तक नहीं हैं। इस बीच प्रचंड गर्मी जानलेवा भी हो चली है। गर्मी से लोगों की जान तक चले जाने की खबरें हर दिन सामने आ रही हैं। गर्मी के कहर का अंदाज़ा अब इस बात से लगाया जा सकता है कि गुरुवार को एक ही दिन में पांच लोगों की मौत हो गई।
चुरु को पछाड़ धौलपुर पहुंचा टॉप पर, 49 डिग्री के साथ सबसे गर्म
भीषण गर्मी के दौर से गुरुवार को प्रदेशभर में कुछ राहत मिली। पिछले छह दिन में 50 डिग्री को छू चुके पारे के मिजाज कुछ नरम पड़े हैं। हांलाकि प्रदेश के धौलपुर में गुरूवार को सीजन के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस सीजन में गुरुवार अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं कोटा में इसके बाद 46.9 डिग्री पारा दर्ज किया गया।

पूर्वी राजस्थान के 14 जिले में 8 से 10 जून तक प्रचंड गर्मी पडऩे की संभावना है। यहां दो दिन यलो अलर्ट की राहत के बाद अगले चार दिन रेड अलर्ट जारी किया गया है।
जानलेवा गर्मी, एक के बाद एक लील रहा
भीषण गर्मी एक के बाद एक लोगों की जान ले रही है। गर्मी से मौत के मामले हर दिन सामने आ रहे हैं। पाली में शहर के रूई कटला निवासी ईश्वरदास (47) तेज गर्मी के कारण गांधी मूर्ति के निकट गश खाकर गिर पड़े। उन्हें बांगड़ अस्पताल लाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इधर, जयपुर जिले में तेज गर्मी से गुुरुवार को भी दो लोगों की मौत हो गई। इससे पहले बुधवार को गोनेर के पास सिरोली और चंदवाजी में गर्मी के कारण दो लोगों की मौत हो गई थी।
मूलत: पश्चिम बंगाल निवासी सुरेन्द्र वर्मन (80) गुरुवार सुबह 9.30 बजे बाईस गोदाम पुलिया के नीचे एक पत्थर की टेबल पर बैठी हुई हालत में मिले। संभावना है कि गर्मी में भूख और प्यास के चलते उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
उधर, बनीपार्क थाना क्षेत्र में चमत्कारेश्वर मंदिर के बाहर भीख मांगने वाला 69 वर्षीय एक व्यक्ति भी गुरुवार सुबह मृत मिला। आस-पास के लोग उसका नाम ही रामदास शरण जानते हैं। पुलिस ने रामदास शरण की मौत भी तेज गर्मी के चलते होने की संभावना जताई है। इधर, सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के पलथाना में बीती देररात आए तेज अंधड़ के कारण एक मकान की दीवार गिर गई। जिससे एक महिला की मौत हो गई।
प्रदेश में गर्मी का टॉर्चर, आसमान से बरस रहे अंगारे
प्रदेश में आसमानी आफत से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के मौसम के पूर्वानुमान जारी कर दक्षिण पश्चिमी राजस्थान के दस जिलों में लू चलने का अंदेशा जताया है। वहीं दूसरी तरफ पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में धूलभरी हवा चलने पर गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश में आ रही सतही गर्म हवा के साथ धूलभरी हवा चल सकती हैं। इससे पूर्वी राजस्थान के अलावा प्रदेश के शेष इलाकों में दिन में आसमान से आग बरसने व दिन में पारा सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में दिन का तापमान 45 डिग्री के पार बना रहा। राजधानी जयपुर में बीते बुधवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन फिर भी दिन में झुलसाती गर्मी के तेवर नरम नहीं हुए। दोपहर होने तक ही शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम होने पर सन्नाटा पसरने लगा है। सूर्यास्त के बाद ही लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत जुटा पा रहे हैं।
गुरुवार को राजधानी जयपुर के तापमान में पारा दो डिग्री गिरकर 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, लेकिन देररात तक भी गर्म हवा के थपेड़ों से शहरवासी बेहाल रहे। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी रात के तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज हुई। फलोदी में सर्वाधिक 34.4 डिग्री तापमान रेकॉर्ड हुआ। भीलवाड़ा 29.6, अजमेर 31.9, अलवर 30, पिलानी 29.3, सीकर 29.5, कोटा 33, डबोक 30.2,बाड़मेर 31.3, जैसलमेर 30, जोधपुर 33.1, माउंट आबू 22, बीकानेर 29.4,चूरू 30.9 और श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

ट्रेंडिंग वीडियो