script

2500 किलो घी, 3000 किलो बेसन, 9000 किलो शक्कर, 100 किलो मेवे से बने मोदकों से होगा गणपति का स्वागत

locationजयपुरPublished: Aug 26, 2019 06:37:53 pm

Ganesh Chaturthi 2019 : मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बुधवार को मोदक झांकी से गणेश जन्मोत्सव की होगी शुरुआत, गणेश चतुर्थी का पर्व 2 सितंबर को, सिंजारा पर्व एक को

ganesh g

2500 किलो घी, 3000 किलो बेसन, 9000 किलो शक्कर, 100 किलो मेवे से बने मोदकों से होगा गणपति का स्वागत

हर्षित जैन / जयपुर। Ganesh Chaturthi 2019 : विघ्नहर्ता और रिद्धि—सिद्धि के दाता भगवान गणेश के जन्मोत्सव का पर्व गणेश चतुर्थी सोमवार को मनाया जाएगा। घरों, गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में गणेशजी विराजमान किए जाएंगे। घरों के साथ ही सभी गणेश मंदिरों में उत्सवों की धूम रहेगी। मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बुधवार से विधिवत रूप से उत्सवों की शुरुआत होगी।
मंदिर महंत पं. कैलाश शर्मा ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि उत्सव के पहले दिन बुधवार को मोदकों की झांकी सजाई जाएगी। इसी दिन गणेशजी महाराज को साल में पहली बार विशेष रूप से माणक व पन्ना युक्त रत्नों का मुकुट धारण कराया जाएगा। भक्त 21, 108 व 1008 मोदक भी अर्पित होंगे। मोदक अर्पित करने का कार्यक्रम 31 अगस्त तक चलेगा। इस दिन बाहर का प्रसाद मंदिर में नहीं चढ़ेगा। बुधवार को उत्सव के तहत पंचामृत अभिषेक, ध्वजारोहण व ध्वज पूजन किया जाएगा।
नहीं चढ़ेगा बाहर का प्रसाद
गणेशजी के मोदक झांकी के दर्शन बुधवार सुबह पांच बजे मंगला आरती से होंगे। इसके बाद पंचामृत अभिषेक होगा। इस दिन महाराज को बाहर का प्रसाद नहीं चढ़ाया जाएगा। महंत शर्मा ने बताया कि झांकी में शामिल मुख्य रूप से 251 किलो के 2, 51 किलो के 5, 21 किलो के 21, 1.25 किलो के 1100 मोदकों सहित हजारों छोटे मोदकों का महाराज को भोग लगेगा। इन मोदकों को बनाने में अंदाजन 2500 किलो घी, 3000 किलो बेसन, 9000 किलो शक्कर व करीब 100 किलो मेवा लगेगा। भक्तों को शाम 6:30 से रात 9 बजे तक निशुल्क वितरित किया जाएगा।
धारण करेंगे नौलखा हार
गुरुवार को सांस्कृतिक व भजन संध्या का शुभारंभ शाम सात बजे ध्रुपद गायन से होगा। यह आयोजन 31 अगस्त तक चलेगा। एक सितंबर को सिंजारा मनाया जाएगा। इससे पूर्व मेहंदी पूजन होगा। लंबोदर को महंत परिवार की ओर से विशेष रूप से पारंपरिक शृंगार धारण कराया जाएगा। शृंगार का भाव नौलड़ी का नोलखा हार होगा। इसमें मोती, सोना, पन्ना, माणक आदि भाव स्वरूप दर्शाए जाएंगे। इसके साथ रही भक्तों को 3100 किलो मेहंदी का वितरण शाम सात बजे से किया जाएगा।

ट्रेंडिंग वीडियो