दौसा में खाना खाया और जयपुर में लाश मिली
मिली जानकारी के अनुसार जीते बोरोदा दौसा जिले का रहने वाला हैं। उस पर दौसा जिले के कई थानों में आठ से दस केस दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि जीते कल शाम को दौसा में था और वहां पर उसने खाना खाया था। उसके बाद वह दौसा शहर से लालसोट की ओर जा रहा था। उसकी गाड़ी में दो अन्य युवक भी बताए गए हैं। लेकिन कुछ देर के बाद वह गेटोलाव रोड की ओर आता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि वहां पर उसके साथ भयंकर मारपीट की गई। उसके बाद देर रात उसका शव जयपुर जिले के बस्सी थाना इलाके में स्थित बासखों क्षेत्र में मिला। चोटों के निशान के बीच पैरों में आठ से दस गोलियां मारी गई हैं। उसकी हत्या के बाद आज तड़के दौसा एसपी जयपुर आए जांच पडताल की गई थी। दौसा के सदर थाना इलाके से उसका अपहरण कर लिया गया था।
प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा, हत्या करने वाले भी कुख्यात बदमाश
पुलिस ने बताया कि जीते बोरोदा का दूसरे पक्ष से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। दूसरा पक्ष भी बदमाश प्रवृति का है। दूसरे पक्ष के कई लोगों के खिलाफ दौसा के कई थानों में केस दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में यही सामने आ रहा है कि दोनो पक्षों के बीच विवाद था और इसी विवाद को लेकर जीतू को कई दिनों से वॉच किया जा रहा था। बुधवार शाम से लेकर रात तक उसका पीछा किया गया और उसके बाद उसका दौसा जिले से अपहरण कर लिया गया। उसकी गाड़ी भी तोड़ दी और बाद में बस्सी क्षेत्र में उसकी हत्या कर दी। बासखों में जीतू की लाश मिली है।