शहर भाजपा की ओर से जवाहर नगर स्थित मामा की होटल पर धरना—प्रदर्शन किया गया। प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां इसमें शामिल हुए। लेकिन आदर्श नगर के पूर्व विधायक अशोक परनामी और उनके गुट के लोगों ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। परनामी ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम के लिए न्यौता नहीं दिया गया। अगर बुलाते तो जरूर आता। उधर धरने पर पूनियां ने कहा कि निर्भया के साथ जिस तरीके की घटना हुई, उससे भी ज्यादा वीभत्स घटना राजस्थान में हुई है। लेकिन अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मामले ें सरकार और पुलिस के यूटर्न लिया, उससे दोनों की मंशा पर सवाल खड़े करते हैं। सीबीआई जांच में पुलिस और सरकार सहयोग करेगी, इसमें भी संदेह है। प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष राघव शर्मा, महामंत्री कुलवंत सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।
मंडल अध्यक्ष को दे दी थी सूचना परनामी को न्यौता नहीं देने के मामले में शहर भाजपा अध्यक्ष राघव शर्मा ने कहा कि मैंने तो मंडल अध्यक्ष को सूचना दे दी थी। सभी मंडलों पर अलग—अलग स्तर पर मंडल अध्यक्षों को आंदोलन करना था। हालांकि कार्यकर्ताओं में यही चर्चा है कि क्या राघव शर्मा और परनामी में कोई संवाद नहीं है ?
कालीचरण और सुमन शर्मा भी नहीं पहुंचे थे यह पहला मामला नहीं है। सोमवार को भी मालवीय नगर में भाजपा शहर युवा मोर्चा का हस्ताक्षर अभियान था। इसमें भी विधायक कालीचरण सराफ और महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा को न्यौता नहीं दिया गया। दोनों की टीम से जुड़े नेता इस प्रदर्शन से नदारद नजर आए थे।