जयपुर

गहलोत सरकार करेगी आज अपने वादों की समीक्षा

राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान और विधायकों के मंथन के दिन अब गहलोत सरकार अपने वादों की समीक्षा करेगी।

जयपुरJul 28, 2021 / 09:41 am

rahul

ashok gehlot

जयपुर। राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान और विधायकों के मंथन के दिन अब गहलोत सरकार अपने वादों की समीक्षा करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जन घोषणा पत्र की की समीक्षा के लिए बुधवार को अपने निवास पर तीन बजे बैठक बुलाई है। इसमें सभी कैबिनेट और राज्य मंत्रियों के साथ साथ विभागों के एसीएस और प्रमुख शासन सचिव भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुडेंगे। कुछ मंत्री सीधे सीएमआर में भी रहेंगे। सरकार के आधे कार्यकाल को बीतने के बाद गहलोत पहली बड़ी बैठक करने जा रहे है जिसमें जन घोषणा पत्र की समीक्षा की जाएगी।
विभागों से मांगेंगे रिपोर्ट कार्ड— बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस के जन घोषणा पत्र की समीक्षा के समय विभागों से उनके वादों पर कामकाज को लेकर ब्यौरा मांगेंगे। इसमें किस विभाग में कितने वादे पूरे हो चुके है। कितने वादों पर काम चल रहा है और कितने अधूरे है। इसके बाद वे विभागवार एक रिपोर्ट भी बताएंगे जिसमें सरकार के काम का खाका होगा। सारे विभागों को इस बारे में तैयारियां करने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके है। इसमें मंत्रियों के कामकाज का भी पता चल जाएगा कि उनके विभागों में कितने वादों पर काम हो चुका है।
सीएस ने की पहले समीक्षा—
मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने जन घोषणा पत्र क्रियान्वयन को लेकर हाल ही में अधिकारियों की बैठक ली थी। इसमें निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के जन घोषणा पत्र एवं बजट घोषणा के अनुसार योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों ने जनवरी 2019 से 30 जून 2021 तक के कार्य पूरे होने के प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किए थे। आयोजना विभाग के प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन ने जानकारी दी थी कि जन घोषणा पत्र के तहत विभिन्न विभागों की 501 बिन्दुओं में से 164 घोषणाओं से सम्बंधित कार्यों को पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शेष कार्य प्रगतिरत हैं।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.