scriptGovardhan Puja and Annakoot Festival celebrated | सजीं छप्पन भोग की झांकियां, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद | Patrika News

सजीं छप्पन भोग की झांकियां, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

locationजयपुरPublished: Oct 27, 2022 12:11:11 pm

Submitted by:

Devendra Singh

annakoot festival: शहर के मंदिरों में बुधवार को गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। ठाकुरजी के अभिषेक के बाद नवीन पोशाक धारण करवाकर छप्पन भोग लगाकर अन्न-धन की संपन्नता का आशीर्वाद मांगा।

 विजय गोविन्दजी मंदिर
सजीं छप्पन भोग की झांकियां, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जयपुर. शहर के मंदिरों में बुधवार को गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। ठाकुरजी के अभिषेक के बाद नवीन पोशाक धारण करवाकर छप्पन भोग लगाकर अन्न-धन की संपन्नता का आशीर्वाद मांगा। कोरोनाकाल के बाद इस बार मंदिरों में अन्नकुट महोत्सव के बड़े आयोजन हुए। वहीं घरों में महिलाओं ने प्रवेश द्वार के आगे गोबर से गोवर्धन बनाकर पूजन किया और भोग लगाया।

जयपुरवासियों के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। गोविंददेवजी के अन्नकूट महोत्सव पर छप्पन भोग की झांकी सजाई गई। इस दिन मंदिर के पश्चिमी द्वार पर महंत अंजन कुमार ने गोवर्धन पूजा की। वैशालीनगर, चित्रकूट स्थित बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर में अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। इसमें भगवान स्वामी नारायण को 801 तरह के व्यंजनों व फलों के रस का भोग लगाया गया जिसमें राजस्थानी, गुजराती एवं दक्षिण भारतीय व्यंजन शामिल थे। श्रद्धालुओं ने रात आठ बजे तक अन्नकूट की झांकी के दर्शन किए।

पुरानी बस्ती स्थित बंसीवाले बाबा की बगीची में महंत अवधेश दास के सान्निध्य मे नृसिंह भगवान को 351 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित कर झांकी सजाई गई। हवामहल के स्थित विजय गोविन्दजी मंदिर में पुजारी ओमप्रकाश शर्मा के सान्निध्य में ठाकुरजी की विशेष झांकी सजाकर अन्नकुट को भोग लगाया गया। वहीं चांदनी चौक स्थित ब्रजनिधिजी मंदिर में भूपेन्द्र कुमार रावल एवं आनंदकृष्ण बिहारी मंदिर में पुजारी मातृका प्रसाद शर्मा के सान्निध्य में ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण करवा कर अन्नकूट का भोग लगाया गया। परकोटा गणेशजी मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। गणेशजी महाराज के अन्नकूट प्रसादी का भोग लगा कर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई
Copyright © 2021 Patrika Group. All Rights Reserved.