scriptगुरु पूर्णिमा : कई मंदिरों में शुक्रवार तो कहीं शनिवार को होंगे आयोजन | guru purnima 2018 news | Patrika News

गुरु पूर्णिमा : कई मंदिरों में शुक्रवार तो कहीं शनिवार को होंगे आयोजन

locationजयपुरPublished: Jul 26, 2018 11:08:41 pm

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

jaipur

गुरु पूर्णिमा : कई मंदिरों में शुक्रवार तो कहीं शनिवार को होंगे आयोजन

जयपुर. गुरु पूर्णिमा शुक्रवार को शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धाभाव के साथ मनाई जाएगी। चंद्रग्रहण होने की वजह से कुछेक मंदिरों में गुरु पूर्णिमा का पूजन एक दिन बाद यानी 28 जुलाई को किया जाएगा। ज्योतिषियों के अनुसार जो लोग गुरु पूर्णिमा मनाएंगे वे सूतक लगने से पहले ही पूजा-पाठ के सभी काम कर लेंगे। बड़ी चौपड़ स्थित लक्ष्मीनारायण बाईजी मंदिर में गुरुवार को गुरु पूजन किया गया। शिष्यों ने महंत पुरुषोत्तम भारती का पूजन कर श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया। यहां शुक्रवार को ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक कर धवल पोशाक धारण करवाई जाएगी।

वहीं गोविंद देवजी मंदिर के पीछे श्रीहित आश्रम में वृंदावन से पधारे आचार्य गोस्वामी प्रेम कुमार और आचार्य गोस्वामी हितेन्द्र के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया जाएगा। अखिल भारतीय श्री हित राधा वल्लभ समाज वृन्दवादन के अध्यक्ष सुरेश टांक ने बताया 27 जुलाई को सुबह सात से दोपहर 2.54 बजे तक गुरू पूजन होगा।
गायत्री शक्तिपीठ में गुरु गीता के पाठ
अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से ब्रह्मपुरी स्थित गायत्री शक्ति पीठ में मनाए जा रहे तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत दूसरे दिन गुरुवार को गुरु गीता का संगीतमय पाठ किया गया। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शक्ति पीठ में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। शांतिकुंज हरिद्वार से गुरु पूर्णिमा के संदेश का प्रसारण किया जाएगा। गायत्री शक्ति पीठ के अलावा मानसरोवर, सांगानेर, दुर्गापुरा, विद्याधरनगर, वैशालीनगर, मालवीयनगर सहित सभी 24 चेतना केंद्रों पर भी सुबह गुरु पूर्णिमा के कार्यक्रम होंगे।
सरस निकुंज में नहीं होगा पूजन
खग्रास चन्द्रग्रहण होने के कारण शुक्रवार को सरस निकुंज में गुरु पूर्णिमा पूजन नहीं होगा। दोपहर में सूतक लगने से पूर्व दोनों समय की ठाकुर जी सेवा करके पट मंगल कर दिए जाएंगे। 28 जुलाई को सुबह आठ बजे गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया जाएगा। निकुंज के प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि श्री राधा सरस बिहारी जु सरकार की श्रृंगार आरती के बाद वैष्णव महानुभाव गुरू पूजन सेवा करेंगे।
खोले के हनुमानजी: श्रद्धालुओं ने बांधे रक्षा सूत्र

श्री खोले के हनुमान मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर्व शुक्रवार को भी मनाया जाएगा। इससे पहले गुरुवार सुबह हनुमानजी के अभिषेक व चोला चढ़ाकर हनुमान जी की पूजा की। श्री नरवर आश्रम सेवा समिति प्रन्यास के अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने बताया कि इस मौके पर श्रद्धालुओं ने हनुमानजी के रक्षासूत्र बांधे। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी हनुमानजी की प्रतिमा के अभिषेक कर चोला चढ़ेगा। गुरुपूजन पर्व 2 बजे तक चलेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो