बेनीवाल को जनता ने दिखाया आइना, उसका भी थोड़ा ध्यान रखें-कटारिया
रालोपा सांसद हनुमान बेनीवाल के वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत गठजोड़ के आरोपों पर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने पलटवार किया है। कटारिया ने कहा कि बेनीवाल वन मैन पार्टी है। चाहे जो बोले और करें, लेकिन उनको जनता ने आइना दिखाया है, उसका भी वो थोड़ा ध्यान रखें।

जयपुर।
रालोपा सांसद हनुमान बेनीवाल के वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत गठजोड़ के आरोपों पर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने पलटवार किया है। कटारिया ने कहा कि बेनीवाल वन मैन पार्टी है। चाहे जो बोले और करें, लेकिन उनको जनता ने आइना दिखाया है, उसका भी वो थोड़ा ध्यान रखें।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि निकाय चुनाव में 1775 पार्षदों में से केवल एक आरएलपी का पार्षद जीता है। जिला परिषद की 630 के करीब सीटों में से आरएलपी की क्या स्थिति रही वह भी सबके सामने है। नागौर तो हनुमान बेनीवाल का लोकसभा क्षेत्र है, वहां भी बीजेपी का जिला प्रमुख बना है। हमारे सहयोग से ही बेनीवाल लोकसभा में पहुंचे, वहां तक तो ठीक था, लेकिन इसकी आड़ में रोजाना वसुंधरा राजे को याद करना समझदारी नहीं है। कटारिया ने कहा कि वसुंधरा राजे का कार्यकाल विकास के लिए राजस्थान के लिए एक मापदंड बना है। उनके कार्यकाल में ऐतिहासिक निर्णय और कार्य किए गए थे।
भाषा का संयम नहीं खोना चाहिए
कटारिया ने कहा बेनीवाल स्वतंत्र आदमी है। उनको किसी से पूछना नहीं पड़ता। हमको अपनी पार्टी के हिसाब से पूछ कर बात करनी पड़ती है। लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं के खून पसीने से भाजपा पार्टी खड़ी हुई है। बोलने से पहले सोचना पड़ता है कि पार्टी में कोई दाग न लग जाए लेकिन बेनीवाल तो सर्वे सर्वा हैं। कटारिया ने कहा मैंने पहले भी कहा था संयम किसी भी नेता को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक होता है, लेकिन सफलता के कारण भाषा का संयम ना खोना चाहिए। लोकतंत्र में जनता को विचार करने के लिए मजबूर ना होना पड़े इसका भी ध्यान रखें, क्योंकि जनता ही बनाती है और जनता ही मिटाती है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज