scriptराजस्थान के दक्षिण पूर्वी आैर उत्तर पूर्वी जिलों में 48 घंटे में तेज बारिश की संभावना | Heavy Rain forecast in Southwest and north eastern districts of Rajasthan | Patrika News

राजस्थान के दक्षिण पूर्वी आैर उत्तर पूर्वी जिलों में 48 घंटे में तेज बारिश की संभावना

locationजयपुरPublished: Aug 28, 2017 11:05:00 am

Submitted by:

Abhishek Pareek

प्रदेश के दक्षिण पूर्व और उत्तर पूर्वी जिलों में अगले 48 घंटे में तेज बारिश होने की संभावना मौसम केंद्र ने जताई है।

Rain
जयपुर। पूर्वोत्तर राज्यों में चक्रवाती तंत्र सुस्त होने के बाद अब जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर बना हुआ है। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के दक्षिण पूर्व और उत्तर पूर्वी जिलों में अगले 48 घंटे में तेज बारिश होने की संभावना मौसम केंद्र ने जताई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की अक्षीय रेखा जैसलमेर से कोटा होकर गुजर रही है। इसके चलते अगले दो दिन दक्षिण और पूर्वी इलाकों में बारिश का जोर रहेगा। राजधानी जयपुर में बीते चौबीस घंटे में मौसम शुष्क रहा है वहीं आज सुबह से बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और पुरवाई हवा बहने से आज प्रदेश के कई हिस्सों में थमा बारिश का दौर फिर रफ्तार पकड़ेगा।
बीते चौबीस घंटे में प्रदेश के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हुई वहीं पश्चिमी और पूर्वी जिलों में मौसम शुष्क रहा है जिसके चलते दिन के तापमान में आंशिक बढ़ोतरी भी दर्ज हुई है। राजधानी में आज सुबह बादल छाए रहे और सूर्यदेव भी बादलों के साथ आंखमिचौनी रहने पर सुबह धूप छांव जैसा मौसम बना रहा है। बीती रात जयपुर में न्यूनतम तापमान में पारा दो डिग्री लुढ़क कर 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, लेकिन सुबह बादल छाए रहने व सुबह दस बजे तक धूप खिलने से पारे में बढ़ोतरी हुई और सुबह अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जिले में भी मौसम बीते चौबीस घंटे में शुष्क बना रहा है। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय मौसम केंद्र ने शहर में आज बादल छाए रहने व छितराई बारिश होने का अनुमान जताया है।
बीते चौबीस घंटे में बांसवाड़ा में हुई तेज बारिश से माहीडेम के दो गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। वहीं दूसरी तरफ जयपुर की लाइफ लाइन बीसलपुर बांध में धीमी रफ्तार से पानी की आवक बनी रही है। आज सुबह छह बजे बांध का जलस्तर 313.68 आरएल मीटर रिकॉर्ड किया गया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो