script

केरल की बाढ़ में फंसे कई राजस्थानी, चारों ओर पानी ही पानी, राशन-पानी हुआ ख़त्म

locationजयपुरPublished: Aug 17, 2018 08:04:56 am

Submitted by:

Nakul Devarshi

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

kerala
जयपुर/जोधपुर।

केरल में आई बाढ़ में जोधपुर, नागौर, सीकर के 15 लोग फंस गए हैं। दो मंजिला इमरात में फंसे 15 लोगों ने बताया कि राजस्थान के कई लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं। प्रशासन व बचाव दल के फोन बंद होने के कारण उनकी मदद के लिए अभी तक कोई नहीं आया। ये लोग अब राजस्थान में परिजनों को फोन कर प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
सीकर के धोद में रहने वाले प्रतापसिंह (26) पुत्र सवाई सिंह ने बताया कि वह केरल के एर्नाकुलम में चटाई बनाने का काम करता है। उसके साथ नागौर, सीकर, जोधपुर के करीब 15 लोग रहते हैं। एक महीने से यहां लगातार बारिश हो रही है लेकिन पिछले तीन दिन से तेज बारिश के कारण चारो ओर पानी भर गया। उनके दो मंजिला मकान की एक मंजिल पानी में डूबी है। राशन खत्म हो चुका है।
प्रभावित लोगों का कहना है कि मदद के लिए प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन को फोन लगाया लेकिन उनके फोन बंद आ रहे हैं। बिजली नहीं होने के कारण सभी के मोबाइल भी बंद हैं। केवल एक मोबाइल चल रहा है। इसीसे उन्होंने राजस्थान में रहने वाले परिजन को फोन कर प्रशासन से मदद मांगने के लिए कहा है। इसी पर उनकी आखरी उम्मीद टिकी है।
नागौर, सीकर के राजू सिंह, प्रताप सिंह, रामचंद्र, गोपाल सिंह, ओमाराम, लक्ष्मण, मनीष जाखड, राजू , नंदलाल, मनोज, अजय, चुनीलाल, राजन, सज्जन, विनोद और जोधपुर के निंबा निबंडी में रहने वाले प्रदीप बाढ़ में फंसे हुए हैं।
अब तक 95 लोगों की मौत
केरल में पिछले 48 घंटों के दौरान बारिश के कहर में 28 और लोगों की मौत के कारण इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 95 पहुंच गई है। त्रिशूर जिले के वडाक्कनचेरी के पास कुरानचेरी में हुए भीषण भूस्खलन में नौ लोग ज़िंदा जमींदोज हो गये जबकि 11 लोगों को बचा लिया गया। एक व्यक्ति अब भी लापता है। इसके अलावा चेरुथुरुथी में भूस्खलन के बाद तीन लोग लापता हैं।
केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन ने केरल में आई बाढ़ को ‘भयावह’ बताते हुए गुरुवार को कहा कि पीड़ितों के लिए राज्य और केन्द्र सरकार के समन्वय से हरसंभव बचाव और राहत कार्य चलाये जा रहे हैं। उन्होंने तिरुवनंतपुरम में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री से सुबह बात की और उन्हें राज्य में आयी बाढ़ के हालात की जानकारी दी। केन्द्र सरकार ने हर जरूरी मदद का आश्वासन दिया है।’
उन्होंने बताया कि 29 मई से बारिश और बाढ़ से अब तक 256 लोगों की जान गई हैं। पिछले सप्ताह से बारिश के दूसरे दौर में अब तक 95 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा मुख्य सचिव ने केन्द्रीय कैबिनेट सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए बात की। कैबिनेट सचिव ने राज्य के सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 40 टीमों को और तैनात करने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री ने पेरियार और चलाक्कुडी नदी के किनारे रहने वाले लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने को कहा है कि क्योंकि दोनों नदियों का जल स्तर एक और मीटर बढऩे की आशंका है। उन्होंने कहा कि इन हालात के मद्देनजर पेरियार नदी से एक किलोमीटर की दूरी तक रहने वाले लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए। चलाक्कुडी नदी के दोनों ओर के आधा किलोमीटर तक की दूरी तक रहने वाले लोग सुरक्षित जगहों पर चले जायें। उन्होंने कहा कि सेना और नौ सेना कमांडो के विशेष बल शीघ्र ही बाढ़ प्रभावित इलाकों में तैनात किये जायेंगे। ये बल राहत अभियान के संचालन से जुड़ी आवश्यक उपकरणों से लैस होते हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो