हैरिटेज नगर निगम आयुक्त अवधेश मीना ने बताया कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। अब सभी जोन उपायुक्तों के साथ सफाई से जुड़े अधिकारी फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे। जोन के अधिशाषी अभियंता भी फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे। इस दौरान मौके पर फोटो लेकर ग्रुप में भेजेंगे। अधिकारियों को पाबंद किया गया है कि शहर में फिर से कचरा डिपो नहीं बने।
लोगों से वसूलेंगे जुर्माना
निगम प्रशासन ने सड़क पर कचरा डालने वालों से जुर्माना वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर सभी जोन उपायुक्तों को निर्देश दिए गए है कि अगर कोई भी सड़क पर कचरा डाले तो उससे जुर्माना वसूल किया जाए। इस दौरान लोगों से समझाइश भी की जाएगी।
फिर से नजर आने लगे कचरा डिपो
शहर में सफाई व्यवस्था बेपटरी होने के साथ ही सड़कों पर फिर से कचरा डिपो नजर आने लगे है। मुख्य मार्गों के साथ शहर की गलियों में कचरा डिपो नजर आने लगे है। दिनभर सड़कों पर कचरा पड़ा रहता है। डोर—टू—डोर कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियां भी अब समय पर नहीं घर—घर नहीं पहुंच पा रही है।