दिल्ली वाले गहलोत बाबू-नींद से जागो- राठौड़
ग्रामीण विकास मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने कहा- सत्ता पाने के लिए कांग्रेसी नेता दे रहे गलत स्टेटमेंट

जयपुर।
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पाने के लिए ये दोनों नेता मुंगेरी लाल के सपने देख रहे है, जो कभी पूरे नहीं होंगे। राजस्थान में अशोक गहलोत जब मुख्यमंत्री रहे तो कांग्रेस ने जनता को जमकर ***** बनाया। आमजनता को किस प्रकार ***** बनाया जाता है यह पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पूछें। अपने कार्यकाल में अशोक गहलोत पूरे चार साल नींद में सोने के बाद गहरी नींद की तंद्रा से जागे।
2013 में चुनाव की चेतावनी घण्टी बजी तो जनता को साड़ी, कम्बल, साईकिल, मुफ्त दवा, लेपटॉप और तो और नकदी का लालच दिखाया। जनता ने काँग्रेस को विपक्ष के दर्जे लायक भी सीटें नहीं दी। स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधानसभा में एक शब्द भी नहीं बोले। असली विपक्ष तो देखने का मौका ही नहीं मिला। कांग्रेस को देश की जनता ने परमानेंट नकार दिया है। कांग्रेस के हाथ से पूरे देश में सत्ता फिसल गई तो अब सोशल मीडिया, झूठे बयानों से अधिकारियों को चेतावनी देते रहते है या चुनावी चक्कलस की चासनी से भरे बयान जारी करते हैं।
राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की राजनीति से नकारा घोषित करते हुए कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बड़ा बाबू बनाकर दिल्ली भेज दिया है, जो दिल्ली से बयान जारी करने में व्यस्त रहते है। प्रदेश सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की कर्जा माफी करने का काम भाजपा सरकार ने किया। इन योजनाओं को किसानों ने भी सराहा है और दूसरी तरफ नकारा विपक्ष की भूमिका में ही दिखने वाली कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट जनता के बीच में जाकर झूठे सपने दिखाकर केवल मात्र सरकार विरोधी स्टेटमेन्ट जारी करने वाले नेता साबित हो रहे है। सचिन पायलट सरकारी योजनाओं का फायदा उठाने वाले लाभार्थी जनता का मखौल भी उड़ा रहे है।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज