scriptगर्मी ने छीना चैन— सुकून ….. | hot weather in rajasthan | Patrika News

गर्मी ने छीना चैन— सुकून …..

locationजयपुरPublished: May 21, 2018 11:47:01 am

Submitted by:

anand yadav

आसमान से बरसते अंगारों से झुलसा प्रदेश…….

hot weather

Fire from the sky : weather report

जयपुर। बीते सप्ताह तक चले अंधड़ और धूलभरी हवाओं का दौर अब कमजोर पड़ गया है वहीं आसमान साफ होते ही प्रदेशभर में भीषण गर्मी ने लोगों का चैन व सुकून छीन लिया है। बीती रात गुलाबीनगर में सीजन की सबसे गर्म रात रही और रात में पारा सामान्य से पांच डिग्री उछलकर 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आसमान से बरसते अंगारों के कारण लोगों की दिनचर्या बदलने लगी है वहीं दिन में आग बरसती दुपहरी में सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम होने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले दो तीन दिन गर्मी के तीखे तेवरों से राहत मिलने की संभावना फिलहाल नहीं है। हालांकि पश्चिम के कुछ भागों में छितराए बादलों की आवाजाही धूप की तपिश से आंशिक राहत दिला सकती है।

राजधानी में बीते दो दिन से दिन के अलावा रात में भी गर्मी रफ्तार पकड़ चुकी है। गर्मी के चलते लोग दिन में घरों में दुबकने पर विवश हो रहे हैं वहीं बहुत जरूरी काम होने पर ही शहरवासी दिन में घर से निकलने की हिम्मत जुटा पा रहे हैं। गर्मी से बचाव को लेकर कूलर पंखे भी फेल साबित होने लगे हैं। बीती रात शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड हुआ वहीं आज सूर्योदय के साथ ही धूप की तपिश ने मौसम के गर्म हो रहे मिजाज का अहसास करा दिया। सुबह नौ बजे ही शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री को छू गया वहीं दूसरी तरफ जयपुर स्थित मौसम केंद्र ने शहर में अगले चौबीस घंटे में दिन का तापमान 43 डिग्री व उससे ज्यादा रहने का अंदेशा जता दिया है।
बीते चौबीस घंटे में सवाई माधोपुर में सर्वाधिक न्यूनतमत तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं बीकानेर 31.0,बूंदी 30.0, जोधपुर 30.0 और जोधपुर में रात में पारा 29.9 डिग्री सेल्सियस रहा। डबोक 27.8, चित्तौड़ 29.5, कोटा 29 और अजमेर में न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस रहने पर मौसम का मिजाज गर्म रहा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो