scriptभाजपा में दल बदलुओं की बल्ले बल्ले | BJP bat in batches of batsmen | Patrika News

भाजपा में दल बदलुओं की बल्ले बल्ले

locationबैंगलोरPublished: Apr 10, 2018 06:46:26 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

मोलकालमूरु के विधायक एस तिप्पेस्वामी का पत्ता कटा

BJP
बेंगलूरु. विधानसभा चुनाव के लिए पहली सूची में भाजपा ने जातीय समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश की है। पुराने चेहरों पर भरोसा करते हुए पार्टी ने 43 मेें से 39 विधायकों को टिकट दिया है जबकि एक विधायक की जगह पर उनके पिता और एक विधायक के बेटे को टिकट दिया है। पार्टी ने एक विधायक का टिकट काटा है। मोलकालमूर के विधायक एस तिप्पेस्वामी का नाम पार्टी की पहली सूची में नहीं है और उनकी जगह पार्टी ने एक सांसद को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा की पहली सूची में सबसे ज्यादा उम्मीदवार लिंगायत समुदाय के हैं। इस समुदाय के 21 नेताओं को पार्टी ने टिकट दिया है जबकि दूसरे नंबर पर अन्य पिछड़ा वर्ग है। पार्टी ने इस समुदाय के १19 उम्मीदवार उतारे हैं। वोक्कालिगा समुदाय के 10, अनुसूचित जाति के 10 अनुसूचित जनजाति के 6, ब्राह्मण समुदाय के 5 व कोड़वा समुदाय एक उम्मीदवार हैं।
राजनीतिक तौर पर प्रभावी सबसे बड़े समुदाय लिंगायत को भाजपा का समर्थक माना जाता है लेकिन चुनाव की घोषणा से ठीक पहले सिद्धरामय्या सरकार ने लिंगायत और वीरशैव लिंगायत को धार्मिक अल्पसंख्यक का दर्जा देने के सिद्धरामय्या सरकार के फैसले के कारण इस बार भाजपा नए समीकरण तलाशने की कोशिश कर रही है। भाजपा पिछले कुछ समय से दूसरे बड़े समुदाय वोक्कालिगा और पिछड़ों को भी लुभाने की कोशिश कर रही है।

तीन महिलाओं को भी मौका
भाजपा की पहली सूची में 3 महिलाओं को भी स्थान मिला है। इनमें कारवार से रुपाली नाइक, हिरीयूर से पूर्णिमा श्रीनिवास और निप्पाणी से शशिकला जोले को टिकट दिया है।
संपंगी की वापसी
कोलार गोल्ड फील्ड की विधायक वाई. रामक्क की जगह पार्टी ने उनके बेटे वाई. संपंगी को टिकट दिया है। संपंगी पहले भी विधायक रह चुके हैं लेकिन भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने उनकी मां टिकट दिया था।
पहली सूची में विजयेंद्र नहीं
पार्टी ने शिवमोग्गा जिले के शिकारीपुर से विधायक रहे बी वाई राघवेंद्र को टिकट नहीं दिया है। राघवेंद्र की जगह उनके पिता और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा को टिकट मिला है। पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार येड्डियूरप्पा की यह परंपरागत सीट रही है।
श्रीरामुलू को चित्रदुर्गा भेजा
बल्लारी के सांसद बी श्रीरामुलू को पार्टी ने इस बार जिले से बाहर से टिकट दिया है। श्रीरामुलू चित्रदुर्गा जिले की मोलकालमूर सीट से टिकट दिया है। श्रीरामुलू ने पिछला चुनाव अपनी पार्टी बीएसआर कांग्रेस से जीता था, लेकिन भाजपा में लौटने के बाद लोकसभा के लिए चुने गए थे। रेड्डी बंधुओं के करीबी माने जाने वाले श्रीरामुलू को बल्लारी जिले से बाहर भेजने से पार्टी के कई नेता भी अचंभित हैं।
पाला बदलने वाले 11 को भी टिकट
पांच साल के अंतराल के बाद सत्ता में वापसी के लिए जूझ रही भाजपा ने पहली सूची में दूसरे दलों से हाल के दिनों में आए असंतुष्ट नेताओं को भी तरजीह दी है। पहली सूची में 11 दल-बदलु नेता शामिल हैं। इनमें से कुछ तो पहले हाल ही में भाजपा में लौटे हैं। इनमें पी. राजीव (कुडिची), ए एस पाटिल नडहल्ली (मुद्देबिहाल), बसवन गौड़ा पाटिल यत्नाल (विजयपुर नगर), मालिकेय्या गुत्तेदार (अफजलपुर), मल्लिकार्जुन खूबा (बसव कल्याण), डॉ शिवराज पाटिल (रायचूर), मनप्पा वज्जल (लिंगसुगूर), गुलहट्टी शेखर (होसदुर्गा), हलदी श्रीनिवास शेट्टी (कुंदापुर), गवियप्पा (विजयनगर) और सी पी योगेश्वर (चन्नपट्टणा) शामिल हैं। इसमें भी छह बार विधायक रह चुके गुत्तेदार रविवार को सूची जारी होने से चंद घंटे पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे। हालांकि, गुत्तेदार ने पिछले सप्ताह ही कांग्रेस और विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। शेट्टी भी पिछला चुनाव निर्दलीय जीते थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो