scriptदुनिया में बड़ा नाम, सुविधाएं मूलभूत भी नहीं | jaipur amber | Patrika News

दुनिया में बड़ा नाम, सुविधाएं मूलभूत भी नहीं

locationजयपुरPublished: Nov 15, 2018 11:18:53 pm

Submitted by:

Mukesh Sharma

राजस्थान पत्रिका जन एजेंडा बैठक में आमेरवासियों ने दागे कई सवाल

jaipur

amber

जयपुर. संरक्षित धरोहर, ऐतिहासिक इमारतों-मंदिरों के बूते विश्व में आमेर अपनी अलग पहचान रखता है लेकिन राजधानी से सटकर होने के बावजूद दुर्भाग्य है कि यहां के लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए भी जूझ रहे हैं। राजस्थान पत्रिका की ओर से आमेर के दादाबाड़ी में गुरुवार को आयोजित जन एजेंडा बैठक में भाजपा, कांग्रेस, आप प्रत्याशियों, चेंजमेकर्स प्रत्याशी प्रतिनिधि और दावेदारों के सामने लोगों ने सवाल दागते हुए यह पीड़ा जताई।
लोगों ने कहा कि आमेर विधानसभा क्षेत्र में एक भी सरकारी कॉलेज नहीं है। बालिकाओं को आगे पढऩे में दिक्कत आती है। पीने और सिंचाई के लिए पानी नहीं है। परिवहन व्यवस्था चरमराई हुई है। आवासीय पट्टे जेडीए, नगर निगम और वन विभाग के बीच झूल रहे हैं। ऐसे प्रत्याशी को आगे लाना चाहिए जो मूलभूत सुविधाओं में पिछड़ रहे आमेर क्षेत्र का भरपूर विकास करवाए।
——————————–
किसका क्या जवाब


– कांग्रेस से दावेदार राजेन्द्र शर्मा : किसने क्या किया, बताने की जरूरत नहीं है। बताना यह चाहिए कि आगे विकास कैसे होगा। आमेर कस्बे में शुद्ध पेयजल तक नहीं मिल रहा। बीसलपुर पाइप लाइन कस्बे तक आ गई लेकिन लोगों के घरों तक नहीं पहुंची। सबसे पहले पेयजल व्यवस्था करनी है। क्षेत्र का बड़ा भाग खेती का है लेकिन बरसात नहीं होती, भूजल स्तर गिर रहा है। खेती करना मुश्किल हो रहा है। यमुना नदी के अतिरिक्त पानी को बांडी नदी में लाने का प्रस्ताव बनाकर जयपुर ग्रामीण इलाके के किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा। आमेर के वंचित गांवों को परिवहन सुविधा से जोड़ा जाएगा। सड़कों की स्थिति सुधारी जाएगी।
– भाजपा प्रत्याशी सतीश पूनिया के प्रतिनिधि प्रधान सीताराम शर्मा : क्षेत्र में विधायक भाजपा से नहीं था लेकिन पूनिया ने 5 साल में 15 करोड़ के कार्य करवाए। कॉलेज खोलने के प्रयास किए लेकिन जमीन पर विवाद के कारण प्रस्ताव अटक गया। हर ग्राम पंचायत में सैकंडरी स्कू ल के लिए प्रयास किए। अधूरे कार्य अब पूरे कराए जाएंगे।

– आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी हेचंद सैनी : कांग्रेस हो या भाजपा, वोट के लिए लुभावने वादे करते हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली की तर्ज पर आमजन को बिजली, पानी जैसे मुद्दों पर बड़ी राहत देगी।
– चेंजमेकर पंकज शर्मा : क्षेत्र के विकास के लिए नए औद्योगिक एरिया विकसित करने होंगे। उद्योगपतियों को यहां लाया जाए। विकास के लिए राजनेताओं का संवेदनशील होना जरूरी है। सरकारों ने यहां कॉलेज खोलने पर ध्यान नहीं दिया। क्षेत्र में किसान अधिक हैं, उनके लिए योजनाएं बननी चाहिए। खेती के लिए कांटेक्ट फार्मिंग कंपनियों को लाया जाना चाहिए। पैदावार बढ़े, किसानों को फसल का उचित दाम मिले।
– कांगे्रस के प्रदेश सचिव महेश शर्मा दौलतपुरा : कस्बे के साथ ज्यादातर भाग ग्र्रामीण क्षेत्र में है। ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के लिए सरकारी कॉलेज की बहुत आवश्यकता है। कांग्रेस के जीतने पर सरकारी बालिका विश्वविद्यालय बनवाया जाएगा। क्षेत्र के चौंप में कांग्रेस सरकार के समय आरसीए का स्टेडियम खोलने का प्रस्ताव पास हुआ लेकिन भाजपा सरकार ने उसे निरस्त कर दिया। अब पुन: स्टेडियम बनाया जाएगा। किसानों के लिए ट्यूबवैल खुदवाने पर रोक हटवाई जाएगी। दिल्ली रोड, सीकर रोड पर एसएमएस हॉस्पिटल के अधीन अस्पताल बनना चाहिए।
——————————–
फेक न्यूज कैसे पहचानें

जन एजेंडा बैठक में राजस्थान पत्रिका की ओर से फेक न्यूज को कैसे पहचानें, इस बारे में जानकारी दी गई। उसे सोशल मीडिया पर आगे प्रसारित नहीं करने के बारे में बताया गया। साथ में सभी को मतदान करने का संकल्प कराया गया।
——————————–
ये लोग रहे उपस्थित


बैठक में अजय सिंह राठौड़, सुरेशकुमार शर्मा, गोपालसिंह शेखावत, दिनेशकुमार गुप्ता, हरिनारायण मीणा, चन्द्रप्रकाश सैनी, ललित पारीक, रामजीलाल भड़ाणा, शिवम गुप्ता, युगलकिशोर मीणा, चन्द्रप्रकाश शर्मा, सुभाष झा, हरीश शर्मा, भैरुलाल सेन, सुभाष गुप्ता, दीपकसिंह राठौड़, रमेश भाट, कैलाशचंद बडाया, सूवालाल सोनी, इमामुद्दीन खान, सुनील गुप्ता, दौलत सिंह शेखावत, लक्ष्मीनारायण सैनी, ईश्वरलाल सैनी, भारत शर्मा, राजेन्द्रकुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
——————————–
जन एजेंडा बैठक आज भाटिया भवन में

राजस्थान पत्रिका की ओर से मतदान जागरुकता के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जन एजेंडा बैठक शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे भाटिया भवन, राम मंदिर के पास, पंचवटी सर्किल के पास, राजापार्क में होगी। बैठक में जनता द्वारा बनाए गए क्षेत्र की एजेंडे पर प्रत्याशियों, दावेदारों से आमजन बात करेंगे। साथ ही फेक न्यूज के बारे में जागरूक किया जाएगा।

ट्रेंडिंग वीडियो