जयपुर

नोटिस देते रहे…होता रहा निर्माण, अब काम पूरा तो सील किया

हैरिटेज नगर निगम के आमेर-हवामहल जोन में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई हुई। इमारतों को 180 दिन के लिए सील किया गया। निगम की इस कार्रवाई से पूर्व में रहे अधिकारियों की कार्यशैली पर सवालिया निशान जरूर लगा है। क्योंकि, निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले दिन से पता था कि अवैध निर्माण हो रहा है। बाकायदा नोटिस भी जारी किए गए।

जयपुरMar 29, 2024 / 11:41 am

Ashwani Kumar

नोटिस देते रहे…होता रहा निर्माण, अब काम पूरा तो सील किया

हैरिटेज नगर निगम के आमेर-हवामहल जोन में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई हुई। इमारतों को 180 दिन के लिए सील किया गया। निगम की इस कार्रवाई से पूर्व में रहे अधिकारियों की कार्यशैली पर सवालिया निशान जरूर लगा है। क्योंकि, निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले दिन से पता था कि अवैध निर्माण हो रहा है। बाकायदा नोटिस भी जारी किए गए। निर्माणकर्ता नहीं माने, लेकिन निगम ने इन अवैध निर्माणों को सील नहीं किया। अब ज्यादातर निर्माण पूरे हो चुके, उसके बाद निगम की टीम जागी और इनको सील कर दिया।शास्त्री नगर थाने के सामने इंद्रा वर्मा कॉलोनी में बेसमेंट सहित तीन मंजिला निर्माण को सील किया गया। पहला नोटिस निगम ने पिछले वर्ष अप्रेल में दिया था और अगले माह ही अंतिम नोटिस जारी कर दिया। इस वर्ष 19 फरवरी को नोटिस दिया। निर्माणकर्ता ने एक भी नोटिस का जवाब नहीं दिया।

इसी तरह, चौकड़ी गंगापोल में बादरी का नासिक में चार मंजिला अवैध निर्माण को सील किया गया। पिछले वर्ष दो जनवरी को निगम ने पहला नोटिस जारी किया। दूसरा नाटिस जारी करने के लिए अधिकारियों ने 13 माह का समय ले लिया। इस दौरान एक के बाद एक चार मंजिल बन गई। अंतिम नोटिस 20 फरवरी को देकर निर्माण सील कर दिया।


यहां भी यही हाल
-रामगढ़ मोड़ स्थित सीतारामपुरी कॉलोनी में ग्राउंड फ्लोर को सील किया गया। पहला नोटिस 16 जनवरी और अंतिम नोटिस 12 फरवरी को जारी किया था।
-हजरत अली नगर, फातिमा कॉलोनी में जिस निर्माण को सील किया, उसे पहला नोटिस आठ जून, 2023 को दिया था। इस वर्ष 20 फरवरी को अंतिम नोटिस जारी किया गया।
-सुभाष चौक में तीन मंजिला अवैध निर्माण को पहला नोटिस पिछले वर्ष मार्च में दिया गया। इसके बाद जुलाई और अगस्त में भी नोटिस जारी किए गए। अब इमारत को सील किया गया है।


मेरी जानकारी में आते ही कार्रवाई हुई है। कुछ लोगों ने अवैध निर्माण की शिकायत की थी। उसके बाद नोटिस जारी किया। पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इस बारे में मैं कोई जवाब नहीं दे सकता।
-करतार सिंह, उपायुक्त, हैरिटेज निगम

Home / Jaipur / नोटिस देते रहे…होता रहा निर्माण, अब काम पूरा तो सील किया

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.