scriptलॉटरी ने तय की सियासी बिसात, एक तिहाई वार्डों में लडेंग़ी महिलाएं | Jaipur Nagar Nigam Election 2019, Jaipur Nagar Nigam Ward Lottery List | Patrika News

लॉटरी ने तय की सियासी बिसात, एक तिहाई वार्डों में लडेंग़ी महिलाएं

locationजयपुरPublished: Sep 19, 2019 08:23:35 am

Submitted by:

dinesh

Jaipur Nagar Nigam Election 2019: निकाय चुनाव ( Nikay Chunav ) के लिए जिला कलेक्ट्रेट में बुधवार को 150 वार्डों की आरक्षण लॉटरी निकाली गई। इसी के साथ निकाय चुनावों की तस्वीर साफ हो गई है। इधर, वार्डों के आरक्षण की लॉटरी का पिटारा खुलने के बाद चुनाव को लेकर सियायत शुरू हो गई है

nigam.jpg
जयपुर। निकाय चुनाव ( Nikay Chunav ) के लिए जिला कलेक्ट्रेट में बुधवार को 150 वार्डों की आरक्षण लॉटरी निकाली गई। इसी के साथ निकाय चुनावों की तस्वीर साफ हो गई है। इधर, वार्डों के आरक्षण की लॉटरी का पिटारा खुलने के बाद चुनाव को लेकर सियायत शुरू हो गई है। लॉटरी निकलने के बाद तय हो गया है, कौन-सा वार्ड किस वर्ग के लिए आरक्षित है। सबसे पहले अनुसूचित जाति (एससी) व अनुसूचित जनजाति (एसटी) फिर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अंत में सामान्य के आरक्षण के लिए लॉटरी निकाली गई। एससी के आबादी के हिसाब से पहले से निर्धारित 19 वार्डों में से 6 महिला वर्ग के लिए लॉटरी निकाली गई। इसके बाद एसटी के निर्धारित 6 में से 2 महिला वर्ग के लिए लॉटरी निकाली गई। ओबीसी के 32 वार्डों के लिए लॉटरी निकाली और इनमें 11 महिला आरक्षण के लिए पर्ची के जरिए लॉटरी निकाली गई। सबसे आखिरी में सामान्य वर्ग की 93 में से 31 महिला वर्ग की लॉटरी निकली। खास बात है कि सामान्य वर्ग 62 ऐसे वार्ड हैं, जिन पर खुला मैदान है।
यहां हर वर्ग के पुरुष और महिला चुनाव लड़ सकते हैं। इस साल प्रदेश के 52 निकायों में नवंबर में चुनाव होने हैं। जयपुर शहर में लगभग एक तिहाई सीट पर महिलाएं चुनाव लड़ेगी। लॉटरी निकलने के बाद राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
लॉटरी में हुआ हंगामा
जिला कलक्ट्रेट में बुधवार को निकाय चुनाव के लिए वार्डों की आरक्षण लॉटरी में जमकर हंगामा हुआ। लॉटरी शुरू होने के ऐन वक्त पहले सांगानेर विधायक अशोक लाहोटी ने आकर पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कलक्टर जगरूप सिंह यादव से कहा कि लॉटरी प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा हो रहा है। उन्होंने वार्डों में जनसंख्या और मतदाताओं के प्रतिशत में अंतर पर सवाल खड़े किए और एससी और एसटी वार्डों की आबादी के हिसाब से निकाली गई, सूची का विरोध किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों से परिसीमन का काम करा दिया। लाहोटी के साथ मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता और विद्याधर नगर विधायक नरपतसिंह राजवी भी विरोध में आ गए। इस पर कलक्टर भी अड़ गए। यादव ने कहा कि मेरा काम सिर्फ लॉटरी निकालने का है, लॉटरी निकलकर रहेगी। इस बीच आधे घंटे तक भाजपा, कांग्रेस और जिला प्रशासन के बीच नोंक-झोंक और समझाइश का दौर चलता रहा। अंत में कलक्टर ने आश्वासन दिया कि जिन वार्डों में अंतर आ रहा है, उसे दूर कर दिया जाएगा। संशोधन का असर वार्डों की आरक्षण लॉटरी पर नहीं पड़ेगा। इसके बाद लॉटरी प्रक्रिया शुरू की गई। लॉटरी प्रक्रिया में कांग्रेस की ओर से विधायक अमीन कागजी, गंगादेवी मौजूद थे।
पत्रिका ने पहले ही बता दिए थे एससी-एसटी वार्ड
जिला प्रशासन ने 150 वार्डों में से 25 एससी, एसटी के वार्डों का आबादी के हिसाब से चयन किया है। राजस्थान पत्रिका ने 25 वार्डों की सूची बुधवार को ही प्रकाशित कर दी थी। इनमें से महिला वार्डों की ही लॉटरी निकली।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो