scriptगलियों में पैर पसार रहा डेंगू, सड़कों से नीचे नहीं उतर रहीं निगम की गाड़ियां | jaipur news jmc greater news | Patrika News

गलियों में पैर पसार रहा डेंगू, सड़कों से नीचे नहीं उतर रहीं निगम की गाड़ियां

locationजयपुरPublished: Oct 30, 2021 11:11:52 pm

Submitted by:

Ashwani Kumar

 
—सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या दिन व दिन बढ़ रही —निगम की फोगिंग से न तो लोग संतुष्ट हैं और न ही पार्षद

fogging.jpg
जयपुर। राजधानी में डेंगू पैर पसारता जा रहा है। सरकारी से लेकर निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या रोज बढ़ रही है। इतना सब कुछ होने के बाद भी नगर निगम फोगिंग के मामले में फिसड्डी साबित हो रहा है। मुख्य सड़कों पर ही गाड़ियां डेंगू के मच्छरों को मार रही हैं। तभी तो तंग गलियों से लेकर घनी बस्तियों में डेंगू पैर पसार रहा है। स्थिति यह है कि न तो फोगिंग से शहरवासी खुश हैं और न ही पार्षद संतुष्ट हैं। पार्षदों की शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
अस्पतालों में बुरा हाल, रोज आ रहे 150 मरीज
अस्तपालों में रोज 150 से अधिक मरीज भर्ती हो रहे हैं। इसी वजह से लोगों में डर बढ़ रहा है। यही वजह है कि पांच हजार से अधिक मरीज अस्तपालों में भर्ती हैं। हालांकि, चिकित्सा विभाग के आंकड़े तो 2334 ही है। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले पांच दिनों में 500 नए केस मिले हैं। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में टीमें बनाकर घर—घर सर्वे करवा रहे हैं। बुखार के रोगियों की जांच कर रहे हैं। लार्वा पाए जाने वाले घरों पर दवा का छिड़काव भी कर रहे हैं। साथ ही लोगों को जागरूक कर रहे है। फोगिंग भी करवाई जा रही है।

कहां कितने केस
—कोटपूतली में 343, मानसरोवर में 275 केस, सांगानेर में 227, परकोटे में 145, झोटवाड़ा में 112, जगतपुरा में 87, प्रतापनगर में 83 केस अब तक मिल चुके हैं।


दावे हकीकत में बदलें तो मरीजों की संख्या हो कम
हैरिटेज निगम: स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों का दावा है कि फोगिंग का चौथा चरण चल रहा है। 20 टीमें 100 वार्डों में फॉगिंग कर रही है। यह चरण 4 नवंबर चलेगा। तीन बार फोगिंग करवाई जा चुकी है।
ग्रेटर निगम: दूसरे चरण में 144 वार्डों में फोगिंग का काम पूरा हो चुका है। 9 नवम्बर को दूसरा चरण पूरा हो जाएगा।

मेरे वार्ड में सौ से अधिक मरीज हैं। कुछ लोगों की डेंगू से मौत भी हो चुकी है। वार्ड में 90 कॉलोनी हैं। अब तक 41 कॉलोनियों में ही फोगिंग हुई है। बाकी कॉलोनियों में फोगिंग करवाने के लिए कह चुके, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
—सुखप्रीत बंसल, पार्षद, वार्ड—51, ग्रेटर निगम
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो