scriptमहंगाई की मार : एक दिन में 49 पैसे बढ़ा पेट्रोल | Jaipur Petrol Disel Price | Patrika News

महंगाई की मार : एक दिन में 49 पैसे बढ़ा पेट्रोल

locationजयपुरPublished: Sep 07, 2018 01:41:57 pm

Submitted by:

Mohan Murari

डीजल के दामों में भी 54 पैसे की हुई बढ़ोतरी

Jaipur Petrol Price

महंगाई की मार : एक दिन में 49 पैसे बढ़ा पेट्रोल

जयपुर में आज पेट्रोल 82.90 रूपए/लीटर, डीजल 76.75 रूपए/लीटर


जयपुर। देश की सार्वजनिक पेट्रोलियम कंपनियां हर रोज जनता पर महंगाई का भार लाद रही है। गिरते रूपए की आड़ में पेट्रोल—डीजल की कीमतें बढ़ाई जा रही है। देश में डायनामिक प्राइसिंग लागू होने के बाद आज जयपुर में पहली बार पेट्रोल 49 पैसे और डीजल 54 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। आज हुई इस बड़ी बढ़ोतरी के बाद जयपुर में पेट्रोल के भाव 82.90 रूपए/लीटर और डीजल के भाव 76.75 रूपए/लीटर हो गए हैं। पेट्रोल और डीजल इस समय रिकॉर्ड महंगे हैं, अब से पहले पेट्रोल—डीजल के भाव जयपुर सहित देश में कभी इतने महंगे नहीं हुए थे।
जयपुर सहित देश में पेट्रोल—डीजल के भाव बढ़ रहे हैं, इसके ठीक उलट अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड आयल के भाव घट रहे हैं। आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में डब्ल्यूटीआई क्रूड के भाव 68.57 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड की कीमत 77.12 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर हैं। भारतीय बाजार में कच्चा तेल 4,939 रूपए प्रति बैरल के स्तर पर है। भारत में कच्चे तेल के भाव लम्बे समय से स्थिर बने हुए हैं। इसके बावजूद हर रोज पेट्रोल—डीजल महंगे हो रहे हैं। वहीं, पेट्रोलियम कंपनियां और सरकार पेट्रोल—डीजल के भाव बढ़ने का कारण डॉलर के मुकाबले रूपए की गिरावट का जिम्मेदार ठहरा रही हैं। कल रूपया डॉलर के मुकाबले 72.12 पैसे के स्तर पर गिर गया था, इसमें और भी गिरावट की आशंका है।
राहत के मूड में नहीं सरकार

देश में रोज नए कीर्तिमान स्थापित कर रही पेट्रोल—डीजल की कीमतों पर सरकार कोई राहत देने के मूड में नहीं है। दो दिन पहले वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कीमतों में राहत के लिए उत्पाद शुल्क में कटौती से साफ मना कर दिया। वित्त मंत्री का कहना था पेट्रोल—डीजल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ दामों के वजह से महंगे हो रहे है। इसलिए शुल्क में कटौती करना संभव नहीं है।
10 सितंबर को कांग्रेस का भारत बंद

देश में बढ़ रही पेट्रोल—डीजल की कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने 10 सितंबर को भारत बंद बुलाया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, पेट्रोल, डीजल के अलावा एलपीजी गैस की कीमत दोगुनी हो चुकी है। दूध से लेकर प्लेटफार्म टिकट तक के दाम कई गुना बढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा विपक्षी पार्टियों से बात हुई है, वो भी भारत बंद में सहयोग और समर्थन करने को तैयार हैं। सुरजेवाला ने बताया 10 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम के 3 बजे तक भारत बंद रहेगा। 10 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आमजन विरोधी नीतियों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

ट्रेंडिंग वीडियो