scriptकर्नाटक का गुस्सा जयपुर में फूटा | Karnataka's anger spreads in Jaipur | Patrika News

कर्नाटक का गुस्सा जयपुर में फूटा

locationजयपुरPublished: May 17, 2018 09:26:39 pm

Submitted by:

Umesh Sharma

लोकतंत्र की हत्या के विरोध में कांग्रेस ने फूंका पुतला
पायलट, खाचरियावास सहित कई कांग्रेस नेता हुए शामिल

congress
कर्नाटक में कांग्रेस और जनता दल सेक्यूलर के गठजोड़ को दरकिनार करते हुए भाजपा का सीएम बनाने की सियासी हलचल का असर गुरुवार को जयपुर में भी दिखा। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कलेक्ट्रेट पर पुतला फूंका। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की हत्या बंद करो, तानाशाही नहीं चलेगी सरीखे नारे लगाए।
सचिन पायलट ने कहा कि विधायकों की खरीद-फरोख्त के दम पर भाजपा कर्नाटक में तानाशाही पूर्ण तरीके से लोकतंत्र की हत्या करके सरकार बनाना चाहती है। केन्द्र सरकार ने अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए राज्यपाल के जरिए येदुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाकर लोकतंत्र का अपमान किया है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में में कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरी हैं। केन्द्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का गला घोंटकर देश में तानाशाही के जरिए लोकतंत्र की आवाज को बंद करना चाहती है, कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष करेगी। आज जयपुर सहित पूरे देष में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया है। खाचरियावास ने कहा कि केन्द्र सरकार कर्नाटक के जरिए पूरे देश में टकराव का माहौल पैदा कर रही है। यदि आंदोलन के दौरान कहीं भी कानून व्यवस्था बिगड़ी और टकराव की स्थिति पैदा हुई तो उसके लिए केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार होगी। प्रदर्शन में महेश जोशी, पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा, अर्चना शर्मा, ज्योति खण्डेलवाल, विक्रमसिंह शेखावत, रूपेश कांत व्यास, सुशील शर्मा, मनोज मुदगल, सुनील मीणा, लक्ष्मणदास मोरानी, धर्मसिंह सिंघानिया, उमरदराज, मंजू शर्मा सहित अनेक कांग्रेस नेता शामिल हुए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो