scriptड्रीम गर्ल के साथ आएगा ढाई किलो का हाथ, अंतिम दिन लगाएंगे पूरा जोर | Loksabha election 2019 : hema malini and sunny deol campaign rajasthan | Patrika News
जयपुर

ड्रीम गर्ल के साथ आएगा ढाई किलो का हाथ, अंतिम दिन लगाएंगे पूरा जोर

लोकसभा चुनाव 2019

जयपुरApr 26, 2019 / 10:50 pm

pushpendra shekhawat

Hema Malini and Sunny Deol

ड्रीम गर्ल के साथ आएगा ढाई किलो का हाथ, अंतिम दिन लगाएंगे पूरा जोर

जयपुर। राज्य में लोकसभा चुनाव ( Loksabha Election ) के पहले चरण के मतदान का प्रचार शनिवार को थम जाएगा। इस चरण की 13 लोकसभा सीटों पर प्रचार थमने के एक दिन पहले शुक्रवार को राज्य के दोनों प्रमुख दल भाजपा-कांग्रेस ( BJP-Congress ) ने पूरी ताकत झौंक दी। प्रदेश स्तरीय सभी बड़े नेताओं के साथ ही स्टार प्रचारकों ने राज्य में कई स्थानों पर सभाएं की। शनिवार को प्रचार थमने के बाद उम्मीदवार और उनके समर्थक सिर्फ घर-घर सम्पर्क कर वोट मांग सकेंगे। मतदान 29 अप्रेल को प्रात: 7 से शाम 6 बजे तक होगा।
सनी देओल और हेमा मालिनी रहेंगी चुनावी दौरे पर

भाजपा ने प्रचार में शुक्रवार को ही पूरी ताकत झौंक दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ( Amit Shah ) ने जोधपुर में रोड-शो किया, वहीं केंद्रीय मंत्री थावर चन्द गहलोत जयपुर में मीडिया से रूबरू हुए। शाह ने जालोर के रामसीन में भी चुनावी सभा को संबोधित किया। प्रदेश के अन्य बड़े नेताओं ने भी कई स्थानों पर चुनावी सभाएं की। इसी प्रकार प्रचार थमने के अंतिम दिन शनिवार को फिल्म अभिनेता सनी देओल ( Sunny Deol ) और हेमा मालिनी ( Hema Malini ) राजस्थान में दौरे पर रहेंगे। इनके अलावा भी अन्य कई बड़े नेता प्रचार के लिए आएंगे। हेमा मालिनी पाली में सभा करेंगी। वहीं सनी देओल अजमेर और बाड़मेर में रोड शो करेंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह अलवर संसदीय क्षेत्र में सभा को संबोधित करेंगे। केन्द्रीय मंत्री वी. के. सिंह भी बाड़मेर लोकसभा क्षेत्र में रहेंगे।
पटेल सहित कई दिग्गज रहेंगे आज दौरे पर

कांग्रेस ने भी अपने प्रचार को शुक्रवार को और आक्रामक कर दिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ( Ashok Gehlot ) और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ( Sachin Pilot ) ने कई स्थानों पर प्रचार कर सभाओं को संबोधित किया। दोनों नेताओं की प्रचार थमने के आखिरी दिन शनिवार को भी कई स्थानों पर सभाएं होंगी। पूर्व क्रिकेटर व पंजाब सरकार के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ( Navjot Singh Sidhu ) ने भी झालावाड़ और बांसवाड़ा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इसके अलावा युवा नेता हार्दिक पटेल ने भी कई स्थानों पर सभाएं की। पटेल शनिवार को भी प्रदेश के चुनावी दौरे पर रहेंगे। उनके साथ ताम्रध्वज भी होंगे। उधर, ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष और राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा जयपुर में मीडिया से रूबरू हुए। फिल्म अभिनेता गोविन्दा भी अजमेर में रोड शो करेंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो