scriptभाजपा की बम्पर जीत पर मदनलाल सैनी बोले-‘मोदी है तो मुमकिन है’ पर जनता ने लगाई मु हर | madan lal saini comment on bjp win in lok sabha election 2019 | Patrika News

भाजपा की बम्पर जीत पर मदनलाल सैनी बोले-‘मोदी है तो मुमकिन है’ पर जनता ने लगाई मु हर

locationजयपुरPublished: May 23, 2019 07:49:14 pm

Submitted by:

Kamlesh Sharma

राजस्थान की सभी 25 सीटों और देशभर में ‘मोदी सुनामी’ से भाजपा की बम्पर जीत पर प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा

bjp
जयपुर। राजस्थान की सभी 25 सीटों और देशभर में ‘मोदी सुनामी’ से भाजपा की बम्पर जीत पर प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने कहा कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रवाद, विकासवाद एवं राष्ट्रीय सुरक्षा पर कड़े फैसलों को सही ठहराया है।
सैनी ने कहा कि देश की जनता ने मोदी जी के ‘सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास’ पर भरोसा किया और देश की जनता ने मोदी के नेतृत्व में भाजपा को पुनः देश की बागड़ौर सौंपी है।
सैनी ने जीत का परचम फहराने का श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 5 साल चली सरकार की विकासवादी सोच और हर जरूरतमंद की सरकार तक सीधी पहुंच के कारण इस तरह के परिणाम आए हैं, जिसका श्रेय देश की जनता को जाता है।
कांग्रेस ने किये थे जनता से झूठे वादे: प्रकाश जावड़ेकर
केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री व लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस ने देश की जनता से, किसानों से, युवाओं एवं महिलाओं से झूठे वादे किए। जब से राजस्थान में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है, तब से ना तो किसानों की पूर्ण कर्जमाफी हुई है और ना ही बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया गया है। प्रदेश में कांग्रेस के शासनकाल में महिलाओं पर अत्याचार एवं अपराध भी बढ़े है। जनता ने कांग्रेस के नारे ‘अब होगा न्याय’ को चरितार्थ करते हुए कांग्रेस के साथ न्याय किया और उन्हें राजस्थान ही नहीं अपितु पूरे देश में नकार दिया।
कांग्रेस के वंशवाद को जनता ने नकारा: खन्ना
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि कांग्रेस के वंशवाद, जातिवाद, परिवारवाद को देश-प्रदेश की जनता ने सिरे से नकार दिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने गृह क्षेत्र जोधपुर में सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग करने के बाद भी अपने बेटे ‘वैभव’ को जीत नहीं दिला पाए।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनियां, राजस्थान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा, राजस्थान वित्त आयोग की पूर्व अध्यक्ष डाॅ. ज्योति किरण, विधायक नरपतसिंह राजवी, प्रदेश मीडिया प्रभारी विमल कटियार, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी नीरज जैन ने भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश की जनता को जीत का श्रेय देते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो