रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के विरोध में महिला कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
प्रदर्शन कर मोदी सरकार से की रसोई गैस की कीमतें कम करने की मांग

जयपुर। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतों के विरोध में आज प्रदेश महिला कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर गैस सिलेंडरों की बढ़ी दरें वापस लेने की मांग की। दोपहर 12 बजे से एक बजे महिला कार्यकर्ताओं ने सभी जिलों में प्रदर्शन किया।
राजधानी जयपुर में जयपुर शहर महिला कांग्रेस की ओर से जयपुर कलेक्ट्रेट पर दोपहर 12 बजे से एक बजे तक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडरों के साथ मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जयपुर शहर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रानी लुबना के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने के लिए चूल्हें में लकड़ियां जलाकर चाय बनाई।
इसके बाद महिला कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडरों के साथ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट सर्किल का चक्कर लगाया। हालांकि कोरोना गाइडलाइन के चलते प्रदर्शन में ज्यादा भीड़ नहीं जुटी थी।
इस दौरान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रानी लुबना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के नेता सत्ता में आने से पहले महंगाई कम करने और पेट्रोल-डीजल के दाम करने के बड़े बड़े दावे करते थे, लेकिन 6 साल से लगातार महंगाई बढ़ रही और पेट्रोल -डीजल के दामों के साथ गैस सिलेंडरों के दामों में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे महिलाओं की रसोई का बजट गड़बड़ा गया है।
आम आदमी पहले से ही नोटबंदी और कोरोना काल के चलते परेशान रहा है अब बेतहाशा बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी। महिला कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को समझना चाहिए कि जो जनता भाजपा को सत्ता में बैठा सकती है वही जनता समय पर आने पर सत्ता से बेदखल भी कर सकती है।इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष राबिया गुडएज, प्रदेश महामंत्री शंकुतला शर्मा, आरूब अजीज, रूबी खान, प्रदेश सोशल मीडिया कॉर्डिनेटर रूबी खान भी मौजूद रहे।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज