हिमाचल से आए फलों की मांग ज्यादा
मंडी में इन दिनों हिमाचल से आए फलों की मांग ज्यादा है। फल विक्रेता सौरभ कालरा ने बताया कि हिमाचल से आए फलों में रसायन का उपयोग नहीं होता है, इसलिए इन फलों की मांग ज्यादा रहती हैं। इसलिए आलू बुखारा, आडू, खुरमानी की खूब मांग है लेकिन खुरमानी गर्मी में ज्यादा समय नहीं रह पाता है इसलिए दो दिन में ही खराब हो जाता है।
यूपी से आ रहा है जामुन, आम
फल मंडी में आम की अलग- अलग किस्में आ रही है। दशहरी आम की भरपूर आवक हो रही है। इसके अलावा सफेदा व लंगडा के साथ हापुस आम भी आ रहा है। दशहरी आम कायमगंज, नूर पुर,चीतापुरा से आ रहा है। लंगडा आम भी यूपी से आ रहा है, जबकि लीची बिहार से आ रही है। कुछ दिनों बाद पठानकोट की लीची आनी शुरू हो जाएगी। बिहार की लीची में अंतिम समय में कीडे होने की संभावना रहती है इसलिए देखकर खाने की जरुरत है।
गर्मी से मौसमी फल हो रहे हैं खराब, बढ़ गए दाम
अलवर में इन दिनों तेज गर्मी पड़ रही है। इसके चलते गर्मी में आने वाले फल खराब होने लगे हैं। इससे फल व्यापारियों को नुकसान भी हो रहा है। कुछ फल सीमित मात्रा में ही लाए जा रहे हैं। एक तरफ गर्मी में फलों की मांग बनी हुई है। दूसरी तरफ फल खराब होने से इनके दाम भी बढ़ गए हैं। सामान्य व्यक्ति के लिए खरीदना मुश्किल है।
ये हैं फलों के दाम प्रति किलोग्राम (रुपए)
फल थोक रिटेल भाव
दशहरी आम 30-35 50
लंगडा आम 30-35 50
आलू बुखारा 70 150
आडू 80 150
खुरमानी 70 130
लीची 50 100
पपीता 20 40
सेव 80 130
केला 15 30
अंगूर 70 150
अनार 80 140
तरबूज 8 20
खरबूज 10 30