scriptमानसरोवर लूट : रात भर तलाशती रही पुलिस, अफसोस! देर से जगी, वरना नहीं जाती जान | mansarovar loot important clue to the police | Patrika News

मानसरोवर लूट : रात भर तलाशती रही पुलिस, अफसोस! देर से जगी, वरना नहीं जाती जान

locationजयपुरPublished: Sep 15, 2018 11:28:48 pm

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

mansarover loot

मानसरोवर लूट : रात भर तलाशती रही पुलिस, अफसोस! देर से जगी, वरना नहीं जाती जान

जयपुर. अफसोस! पुलिस ने तत्परता देर से दिखाई। वारदात से घंटेभर पहले सूचना मिली तब ही पुलिस सक्रिय हो जाती तो पुष्पा की जान बच सकती थी। लेकिन वह तब हरकत में आई, जब कच्छा-बनियान गिरोह हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग चुका था।

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों को मानसरोवर की न्यू सांगानेर रोड स्थित प्रधान वाटिका के पास एक गली में घुसते देखा। इस पर शनिवार देर शाम पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की। सभी थानों से पांच-पांच पुलिसकर्मी, लाइन से अतिरिक्त जाब बुलाया गया। यहां तक कि डीसीपी साउथ के साथ क्राइम ब्रांच, एसओजी-एटीएस की टीमें सघन तलाशी में झोंकी गई लेकिन लुटेरे पकड़ में नहीं आए।
गहन छानबीन
पुलिस मानसरोवर, मुहाना, समुेरपुर, महेशनगर, सांगानेर के कई क्षेत्रों में घेराबंदी कर घर-घर सर्वे कर रही है। मकान में रहने वाले किराएदारों की जानकारी जुटा रही है। खाली भूखंडों में रहने वाले खानाबदोशों की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस इन लोगों के मोबाइल नंबर, नाम नोट कर रही है। संदिग्ध लगने वाले लोगों के मोबाइल नम्बर ट्रैकिंग पर डाल रही है। उनकी रात्रि के समय लोकेशन या बातचीत की जानकारी ले रही है।

…तब भी सामने आई थी ऐसी ही सुस्ती

पिछले दिनों गोपालपुरा बायपास स्थित 10 बी स्कीम में बैंक अधिकारी के घर हुई वारदात के मामले में भी पुलिस की लापरवाही सामने आई थी। तब जाग होने पर डकैत भाग गए थे और पुलिस को डकैतों के आने की सूचना मिल गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन बिना कुछ किए लौट गई। उसके बाद वापस लौटे डकैतों ने बैंक अधिकारी के घर धावा बोल दिया। शुक्रवार रात की वारदात में भी ऐसा ही कुछ हुआ। लुटेरों ने भृगुपथ पर न्यू सांगानेर रोड स्थित पूर्व मंत्री हीरालाल इंदौरा के मकान में घुसने का प्रयास किया। वहां से रेणुपथ निवासी हर्षवर्धन के घर के नजदीक आरसी मीणा के घर की छत पर पहुंचकर ताले तोड़े। जाग होने के बाद पुलिस को सूचना मिल गई लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस खानापूर्ति कर लौट गई। घंटेभर बाद लुटेरे हर्षवर्धन के घर वारदात कर गए। पुष्पा के पति जनार्दन बिसारिया बीएसएफ में अधिकारी पद से रिटायर्ड हुए थे। चार माह पहले ही उनका निधन हो गया था। पुष्पा के दामाद एडिशनल एसपी संजीव भटनागर बीमार होने के कारण अवकाश पर हैं। वह आनंदपाल एनकाउंटर टीम के सदस्य भी थे।

लुटेरों की थी पुलिस पर निगरानी
लोगों का कहना है कि शुक्रवार रात 2 बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन नजदीक खाली प्लॉट में छुपे लुटेरे पुलिस की हर हरकत को नोट कर रहे थे। पुलिस के जाने के बाद घंटेभर तक वे पुलिस की हलचल पर निगरानी रखते रहे। लगा कि पुलिस अब नहीं आएगी, तो बाहर निकलकर हर्षवर्धन के मकान पर धावा बोला।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो