scriptस्कूलों में कहां बन रहा खुले में खाना, देनी होगी जानकारी | mid-day-meal | Patrika News

स्कूलों में कहां बन रहा खुले में खाना, देनी होगी जानकारी

locationजयपुरPublished: Nov 22, 2019 09:55:48 am

Submitted by:

MOHIT SHARMA

बताना होगा कहां नहीं है रसोईघर, कितने स्कूलों में बनी हुई रसोई यह भी बताना होगा, मिड—डे—मील योजना के तहत स्कूलों में बने हैं रसोईघर, कई स्कूलों में अब भी नहीं हैं रसोईघर

mid_day_meal.jpg
जयपुर। प्रदेश के किसी भी सरकारी स्कूल में खाना खुले में नहीं बने, इसके लिए सरकार प्रयास कर रही है, लेकिन आज भी ऐसे बहुत से स्कूल हैं, जिनके पास कक्षा कक्ष तक नहीं हैं, ऐसे में रसोईघर होना तो दूर की बात है। इन स्कूलों में मिड—डे—मील का खाना कहां से आता है और यदि स्कूल में बनता है तो कहीं खुले में तो खाना नहीं बन रहा। इसकी विभाग ने स्कूलों के माध्यम से जानकारी मांगी है।
प्रदेश के ऐसे कितने स्कूल हैं, जिनमें आज भी रसोईघर नहीं बने हैं और खाना खुले में या किसी कक्षा कक्ष में बनता है, इसकी जानकारी सरकार ने स्कूलों से मांगी है। अपनी नाकामी को छिपाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी इस जानकारी को मिड—डे—मील आयुक्त को दे ही नहीं रहे हैं। जबकि मिड—डे—मील कार्यालय एक साल में तीसरी बार रसोईघर से संबंधित जानकारी शिक्षा विभाग से मांग चुका है। अब मिड—डे—मील कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों ने इसकी जानकारी एक बार फिर प्रदेशभर के जिला शिक्षा अधिकारी, मुख्यालय प्रारंभिक शिक्षा से मांगी है। साथ ही यह भी कहा है कि सूचना पूर्ण और सत्य होनी चाहिए। यदि सूचना समय पर नहीं मिली तो इसकी जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी और संस्था प्रधान की होगी।

ये देनी है जानकारी
किस जिले में कितने सरकारी स्कूल हैं, जिनमें मिड—डे—मील योजना के तहत रसोईघर बने हैं और कितने स्कूल ऐसे हैं, जिनमें आज भी रसोईघर नहीं हैं। और यदि किसी स्कूल में रसोईघर नहीं है तो खाना कहां बनाया जाता है। यदि अब तक रसोईघर स्कूल में नहीं बना तो उसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी भी जानकारी देनी होगी। 60 हजार और 90 हजार रुपए की राशि स्कूलों को मिड—डे—मील योजना में स्वीकृत की गई, इस राशि का स्कूलों ने कहां उपयोग किया। एकीकरण के कारण कितने स्कूलों की रसोईघर बेकार हो गए आदि जानकारी मांगी है। ऐसे स्कूलों की भी जानकारी मांगी है, जिनमें सहायक नहीं होने से मिड—डे—मील नहीं बन रहा है। साथ ही ऐसे स्कूलों की भी सूचना मांगी है, जिनमें पूर्व में रसोईघर बनने थे, लेकिन अब तक नहीं बने।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो