scriptफिर से दिखने लगी मानसून की बेरुखी, अब भादवे में झमाझम की उम्मीद | Monsoon Spell Weak in Rajasthan | Patrika News

फिर से दिखने लगी मानसून की बेरुखी, अब भादवे में झमाझम की उम्मीद

locationजयपुरPublished: Aug 25, 2018 01:38:50 pm

Submitted by:

dinesh

www.patrika.com/rajasthan-news/

rain
जयपुर। रविवार को सावन मास खत्म हो रहा है और इसके साथ ही प्रदेश में मानसून फिर से सुस्त पडऩे लगा है। पूरब के कुछ जिलों में बीते दिनों मूसलाधार बारिश हुई वहीं अब फिर से मानसून की बेरुखी बीते चौबीस घंटे में नजर आने लगी है। ऐसे में प्रदेश से मानसून की विदाई में जहां एक पखवाड़ा ही शेष है और दक्षिण पश्चिमी जिलों में भादवे में मूसलाधार बारिश होने की उम्मीद है।
बीते चौबीस घंटे में राजधानी समेत पूर्वी जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रही लेकिन कुछ इलाकों में ही छिटपुट बौछारें गिरी। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राज्यों का रुख कर रहे बादलों के कारण अगले चौबीस घंटे में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अंदेशा है हालांकि इसके बाद फिर से पूर्वी जिलों से होकर उत्तर पश्चिमी भागों में बादलों की आवाजाही बढऩे व बारिश होने का अनुमान है।
बीती शाम दौसा के महवा मे एक इंच बारिश मापी गई वहीं करौली, सवाई माधोपुर, धौलपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा और डूंगरपुर में हल्की बौछारें गिरी। राजधानी में बीते शुक्रवार से बादल छाए रहे हैं लेकिन पूरे जिले में बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी फिर से परेशान करने लगी है।
आज सुबह भी शहर में बादलों की आवाजाही रही लेकिन राहत की बौछारें बरसने की आस फिलहाल कमजोर नजर आ रही है। फिलहाल दिन और रात के तापमान में आंशिक कमी दर्ज हो रही है लेकिन आवाजाही के बावजूद मेघ शहर पर मेहरबान नहीं हो रहे हैं।
त्रिवेणी में कम होने लगा पानी का बहाव

राजधानी की लाइफ लाइन बीसलपुर बांध के जलस्तर में बीते चौबीस घंटे में दो सेंटीमीटर बढ़ोतरी हुई है। बीते पांच दिन से बांध का जलस्तर 309.17 आरएल मीटर पर स्थिर रहा वहीं आज सुबह यह 309.19 आरएल मीटर रिकॉर्ड हुआ है। बारिश नहीं होने से त्रिवेणी में पानी का बहाव भी कम होने लगा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो