script

जोरदार तरीके से फूटा विशाल भारद्वाज का देसी ‘पटाखा’

locationजयपुरPublished: Sep 28, 2018 07:06:04 pm

Submitted by:

Aryan Sharma

दो सगी बहनों की दुश्मनी की दिलचस्प कहानी

Jaipur

जोरदार तरीके से फूटा विशाल भारद्वाज का देसी ‘पटाखा’

राइटिंग-डायरेक्शन एंड म्यूजिक : विशाल भारद्वाज
स्टोरी : चरण सिंह पथिक
लिरिक्स : गुलजार
सिनेमैटोग्राफी : रंजन पलित
एडिटिंग : ए. श्रीकर प्रसाद
रनिंग टाइम : 134.11 मिनट
स्टार कास्ट : सान्या मल्होत्रा, राधिका मदान, सुनील ग्रोवर, विजय राज, सानंद वर्मा, नमित दास, अभिषेक दुहान
आर्यन शर्मा/जयपुर. फिल्मकार विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘पटाखा’ राजस्थान के कथाकार चरण सिंह पथिक की कहानी पर आधारित है। इसमें भारत-पाकिस्तान की तरह एक दूसरे की कट्टर दुश्मन दो बहनों की कहानी को प्रस्तुत किया है। फिल्म की कहानी राजस्थान के एक गांव की है, जहां शशिभूषण (विजय राज) की बेटियां चंपा/बड़की (राधिका मदान) और गेंदा/छुटकी बचपन से एक दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाती। दोनों हमेशा लड़ती-झगड़ती रहती हैं। लड़ाई भी छोटी-मोटी नहीं बल्कि पूरे युद्ध की तरह होती है। एक दूसरे को कीचड़ में गिराना, गोबर फेंकना, अपशब्द बोलना, थप्पड़-लात मारना, ये सब उनकी लड़ाई में आम बात है। अक्सर इनकी लड़ाई में आग में घी डालने का काम करता है डिपर (सुनील ग्रोवर)। परिस्थितियां ऐसी बनती है कि दोनों की शादी भी एक ही घर में दो सगे भाइयों से हो जाती है, जिससे उनका युद्ध थमने का नाम ही नहीं लेता।
राधिका और सान्या की शानदार एक्टिंग
विशाल ने लिखावट में देसी टच बनाए रखा है। संवादों में भी राजस्थान की स्थानीय बोली का समावेश किया है। निर्देशन अच्छा है। टीवी एक्ट्रेस राधिका की यह डेब्यू फिल्म है, लेकिन उन्होंने बड़की की भूमिका में अमेजिंग एक्टिंग की है। ‘दंगल’ गर्ल सान्या मल्होत्रा ने छुटकी के रूप में जबरदस्त परफॉर्मेंस दी है। करौली के रौंसी गांव में राधिका और सान्या ने कुछ दिन तैयारी की थी, जो उनकी परफॉर्मेंस में नजर आती है। टीवी पर कॉमेडी से अलग पहचान बना चुके सुनील ग्रोवर ने बेहद दिलचस्प किरदार निभाया है, जिसमें वह परफेक्ट लगे हैं। पिता की भूमिका में विजय राज की उम्दा परफॉर्मेंस है। सपोर्टिंग रोल में नमित दास, अभिषेक दुहान और सानंद वर्मा का काम अच्छा है। गीत-संगीत कहानी के साथ चलता है। प्रस्तुतिकरण जरा लाउड है और रफ्तार धीमी है, जो थोड़ा अखरती है।
क्यों देखें : फिल्म में दो बहनों की दुश्मनी की कहानी में भारत-पाकिस्तान के नफरत भरे रिश्ते को बयां करने की कोशिश की है। फिल्म में कई ट्विस्ट्स हैं व एक्टर्स की परफॉर्मेंस लाजवाब है। ऐसे में विशाल की ‘पटाखा’ का सिनेमाघरों में लुत्फ उठाया जा सकता है।
रेटिंग : 3/5

ट्रेंडिंग वीडियो