script

MTV India Music Summit : तानसेन के साथ कानसेन भी जरूरी- Prasoon Joshi

locationजयपुरPublished: Oct 04, 2019 06:55:28 pm

‘एक सच्चा सुर’ एमटीवी इंडिया म्यूजिक समिट’ का दिल्ली रोड स्थित फेयरमोंट होटल में आगाज हुआ। राजस्थान पत्रिका इवेंट का पेट्रर्न है ।

MTV India Music Summit : तानसेन के साथ कानसेन भी जरूरी- Prasoon Joshi
एमटीवी इंडिया म्यूजिक समिट-2019 ( MTV India Music Summit ) का आगाज गुलाबी शहर में हो गया है। अब से तीन दिन तक शहर संगीत की बातें करेगा। सुर, ताल और लय का विश्वप्रसिद्ध मेल शहर को संगीतमय बनाएगा। शुक्रवार दोपहर गीतकार प्रसून जोशी, बांसुरी वादक अजय प्रसन्ना, उस्ताद शुजात खान, सिंगर मोहम्मद अमान, रिधिका चौपड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित की। इसके बाद शुरू हुई संगीत की एक अलग दुनिया, जिसकी शुरुआत राजस्थानी लोक कलाकरों ने खड़ताल की मिठास और भपंग की हिलोर मारने वाली धुनों के साथ की।
इस मौके पर गीतकार प्रसून जोशी ( Prasoon Joshi ) ने कहा कि अब तानसेन के साथ-साथ कानसेन का होना भी बेहद जरूरी है। अगर कानसेन नहीं होंगे तो फिर तानसेन के बारे में सोचने वाला कौन होगा। सच्चा सुर आत्मा से लगाया गया सुर है। इंडिया म्यूजिक समिट में सभी कलाकार एक मंच पर सच्चा सुर लगाने के लिए एकजुट हुए हैं। जोशी ने जयपुरवासियों को भी सच्चा कानसेन बताया। कहा कि उन्हीं की बदौलत इंडिया म्यूजिक समिट ऊंचाईयां को छू रहा है। यह एक सच्चे सुर का सफर है।
मोती खान और मोहम्मद अमान से माहौल सराबोर

तीन दिवसीय इंडिया म्यूजिक समिट के आगाज पर राजस्थान के लोक कलाकार मोती खान और क्लासिकल सिंगर मोहम्मद अमान ने यहां समारोह में अपने सुरों के जरिए माहौल को सराबोर कर दिया। इस बीच मोती खान ने जहां खडताल, मोरचंग, भपंग वादन की धुनों के बीच भोला रे भोला रचना को प्रस्तुत किया, वहीं जयपुर ( Jaipur ) के सिंगर मोहम्मद अमान ने पधारो म्हारे देस केसरिया बालम रचना गाकर पावणों को सुरों के जरिए स्वागत किया। इन कलाकारों की दर्शकों ने खासी हौसला अफजाई की।
समिट में शिरकत करने के लिए मशहूर गायिका आशा भोसले ( aasha bhosle ), संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा, वेंकटेश कुमार, उस्ताद राशिद खान, बॉलीवुड सिंगर सुनिधि चौहान, विक्कू विनायकरम, राजन—साजन मिश्र बंधु, राहुल शर्मा, असलम साबरी, राधिका चोपडा, सुनंदा शर्मा, अजय प्रसन्ना, उदय भावलकर सहित कई दिग्गज कलाकार इस पर दिखने वाले हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो