script

panchayat news : राजस्थान के विभिन्न संभागों से जुड़ी खबरें

locationजयपुरPublished: Jan 19, 2020 04:12:55 pm

Submitted by:

Rakhi Hajela

panchayat news : राजस्थान के विभिन्न संभागों से जुड़ी खबरें

panchayat news : राजस्थान के विभिन्न संभागों से जुड़ी खबरें

panchayat news : राजस्थान के विभिन्न संभागों से जुड़ी खबरें

पकड़ी अवैध शराब
बगड़ पुलिस ने सुबह नाकाबंदी के दौरान हरियाणा निर्मित शराब के 100 कार्टन पकड़े हैं। एसएचओ इंद्रप्रकाश यादव ने बताया कि शनिवार को सुबह 3 बजे खुडाना बाइपास पर नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की केम्पर गाड़ी चिड़ावा की ओर से आ रही थी। जिसके आगे नंबर नहीं लिखे हुए थे। जिसके पीछे खाकी कार्टन भरे हुए थे। रुकने का इशारा करने पर चालक गाड़ी को तेज गति से भगा ले गया। संदेह होने पर पुलिस ने 15 किलोमीटर तक पीछा कर हेजमपुरा के पास से उसे पकड़ा। पुलिस ने गाड़ी चालक शुभकरण को हिरासत में लिया है। चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी था जो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में चालक शुभकरण ने बताया कि हरियाणा के सतनाली से शराब भरकर नवलगढ़ ले जा रहे थे। मौके पर ग्रामीण डिप्टी नीलकमल मीणा भी पहुंचे। पुलिस के अनुसार शराब सौ कार्टन बरामद किए है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत दो लाख रुपए है।
वाहन चालक की हत्या, आरोपी फरार
बसवा थानान्तर्गत झरवालों की ढाणी के समीप चौपहिया वाहन चालक की गोली मारकर हत्या कर आरोपी मौके से फरार हो गए। कंट्रोल से सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौकेपर पहुंची और घटना का जायजा लिया। वहीं शव का राजकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सम्बंध में मृतक के भाई ने हत्या करने का मामला दर्ज कराया है।
पथराव में एसएचओ घायल
पंचायत चुनाव में झालावाड़ के खाता खेड़ी ग्राम पंचायत में रविवार सुबह विजयी सरपंच दयाराम और पराजित प्रत्याशी विजयसिंह के समर्थकों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान उन्हें समझाने गए एसएचओ अजीत मेघवंशी पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। एसएचओ अजीत मेघवंशी के सिर में चोट आई है। मेघवंशी को एसआरजी चिकित्सालय में रेफर किया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
तालाब में डूबा अधेड़
बूंदी के खानिका गांव के तालाब में डूबे व्यक्ति में एक अधेड़ व्यक्ति डूब गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार खनिका गांव निवासी मोर सिंह बंजारा के शनिवार दोपहर बाद से ही नजर नहीं आने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। तकरीबन 3 बजे के करीब खनिका तालाब के किनारे मोर सिंह के कपड़े मिले जिसके बाद मामले की पुलिस को सूचना दी गई। देई पुलिस मौके पर पहुचीं लेकिन पुलिस को कही पर भी उसका सुराग नहीं लगा । आज सुबह से ही पुलिस और नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम तलाश में जुटी है लेकिन अभी तक टीम को कोई सफलता नहीं मिली है।
पल्स पोलियो अभियान का आगाज
सीकर में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया गया। आरसीएचओ डॉ निर्मल सिंह ने सालासर रोड स्थित जनाना अस्पताल में बच्चे को पल्स पोलियो की दवा पिलाकर इसका शुभारंभ किया। इस दौरान जनाना अस्पताल के डॉक्टर पर नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे।
श्वान ने किया हमला, छह से अधिक घायल
सूरतगढ़ तापीय परियोजना की आवासीय कॉलोनी में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। सैकड़ों की तादाद में आवारा कुत्ते पूरी कॉलोनी में झुंडों की शक्ल में घूमते नज़र आ जाते हैं। श्वान रास्ता चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं। रविवार को कॉलोनी के आर.5 आवासीय क्षेत्र में एक श्वान ने हमला कर करीब आधा दर्जन लोगों घायल कर दिया। जिनमें से गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को इलाज के लिए सूरतगढ़ रैफर करना पड़ा। गौरतलब है कि आवासीय कॉलोनी में बड़ी संख्या में आवारा श्वान हो गए हैं जो राहगीरों पर हमला करते रहते हैं। थर्मल प्रशासन ने पिछले दिनों आवासीय कॉलोनी में आवारा कुत्ते पकड़ने का अभियान चलाया गया था, लेकिन एक दो दिन बाद ही इसे बन्द कर दिया था। सूरतगढ विद्युत उत्पादन मजदूर यूनियन इंटक के अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा ने थर्मल प्रशासन पर अकर्मण्यता का आरोप लगाते हुए कहा कि परियोजना के सिविल विभाग ने मात्र खाना पूर्ति के लिए दो दिन आवारा कुत्ते पकड़ने का अभियान चला कर अपने कार्य की इतिश्री कर ली। जबकि वर्तमान में भी सैकड़ों की तादाद में आवारा कुत्ते कॉलोनी में घूमते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों व मवेशियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
मासूम को पालना घर में छोड़ा
भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय के पालना घर में चार दिन की मासूम को छोड़े जाने का मामला सामने आया है। चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. अरुण गौड़ के मुताबिक किसी निजी अस्पताल में प्रसव करवाने के बाद किसी ने एक चार दिन की बच्ची को पालना घर में छोड़ दिया। बच्ची का वजन एक किलो २०० ग्राम है और उसकी हालत सीरियस बताई जा रही है।
स्थापना दिवस मनाया
कोटा में आज अपना घर की स्थापना को 8 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। आज संस्का का स्थापना दिवस मनाया गया। संस्था के सचिव मनोज जैन अदिनाथ ने बताया कि 8 वर्ष पूर्व वर्ष 2012 में कोटा के नांता स्थित नारी शाला में अपना घर आश्रम की कोटा में 50 बेड क्षमता की स्थापना हुई थी। तब से अभी तक हाड़ौती क्षेत्र से लगभग 1200 लावारिस, विमंदित और लाचार लोगों को प्रवेश दिया गया। जिनमें 75 प्रतिशत से अधिक महिलाएं रहीं। वर्तमान में लगभग 214 लाचार, लावारिसख् विमंदित लोग सेवा पा रहे हैं। इस अवसर पर आश्रम के भरतपुर स्थित मुख्यालय से कौन बनेगा करोड़पति फेम दम्पति डॉक्टर बी एम भारद्वाज एवं संरक्षक वीर पाल सिंह भी मौजूद रहे। भारतीय स्टेट बैंक की ओर से अपना घर आश्रम को 2 कम्प्यूटर भेंट किए।
स्थाई उप स्वास्थ्य केंद्र की बाट जोहते ग्रामीण!
संगरिया में एक ओर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लाखों रुपए गांवों में बहा रही है। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग को भामाशाहों की ओर से निशुल्क जमीन उपलब्ध करवाने के बावजूद उपखंड के गांव चक प्रतापनगर में ग्रामीण करीब सात सालों से स्थाई उप स्वास्थ्य केंद्र बनने की बाट जोह रहे हैं। ग्रामीणों की गुहार पर सरकार ध्यान नहीं दे रही जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। हालांकि वर्तमान में वार्ड 9 स्थित हरिजन धर्मशाला में एक स्टाफ नर्स उप स्वास्थ्य केंद्र चला रही है। आलम ये है कि ग्रामीणों को गांव मोरजंडसिखान या राजकीय चिकित्सालय संगरिया में उपचार के लिए आना पड़ता है। गंभीर स्थिति में भारी परेशानी होती है।
चुनावी रंजिश को लेकर फायरिंग
धौलपुर जिले के दिहोली थाना इलाके के गांव जगरियापुरा में आज सुबह चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में पथराव और फायरिंग हो गई। जिसमें गोली के छर्रे लगने से 3 लोग घायल हो गए। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यहां पंचायत चुनाव में जाट व ब्राह्मण प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें से ब्राह्मण प्रत्याशी विजयी हो गया। बताया जा रहा है कि चुनावी रंजिश को लेकर आज सुबह करीब 9 बजे हारे हुए प्रत्याशी के परिजनों ने विजयी प्रत्याशी के घर को घेर लिया और गाली गलौज करते हुए पथराव कर दिया। इस पर विजयी प्रत्याशी की ओर से भी पथराव किया गया। थोड़ी देर में देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से दो से तीन दर्जन राउंड फायर किए गए हैं। फायरिंग में गोली के छर्रे लगने से अनूप कुमार, संदीप,अनिल घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए डॉक्टर मंगल सिंह सामान्य चिकित्सालय धौलपुर में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही दिहोली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो