जयपुर

नोटबंदी मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि : भूपेंद्र यादव

विकास के मुद्दे पर प्रदेश की सभी 25 सीटों पर जीत का दावा

जयपुरApr 29, 2019 / 06:27 pm

hanuman galwa

bjp

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने नोटबंदी को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए दावा किया है कि लोकसभा चुनाव में आर्थिक सुधारों का भाजपा को फायदा मिलेगा। उनका दावा है कि प्रदेश की सभी 25 सीटों पर वर्ष 2014 की जीत को भाजपा दोहराएगी।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि यह चुनाव संकल्पित भारत तथा सशक्त भारत का चुनाव है। इस चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बार पुन: सशक्त भारत के लिए मजबूत सरकार बनेगी। यादव ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में सरकार ने गरीब कल्याण, ग्रामीण विकास एवं अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए काम किया है। इस दौरान पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ी है। उन्होंने दावा किया है कि देश की जनता मोदी के नेतृत्व और दृढ़ता के लिए भाजपा के समर्थन में खड़ी है।

प्रतिबद्धता नहीं बदली
उन्होंने कहा कि राष्ट्र सर्वप्रथम ही भाजपा की नीति है। कश्मीर से धारा 370 तथा 35ए हटाने के लिए भाजपा पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राममंदिर निर्माण को लेकर भाजपा प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वन रेंक, वन पेंशन योजना के लिए कांग्रेस सरकार ने केवल 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया था, जबकि हमारी सरकार ने 35 हजार करोड़ रूपए के माध्यम से सेना के जवानों को सम्मान देने का काम किया है।

विकास पर ध्यान
यादव ने कहा कि देश के विकास के लिए इंफ्रा स्ट्रक्चर आवश्यक होता है। वर्ष 2014 तक देश में केवल 65 एयरपोर्ट कार्यशील थे, जबकि अब 101 एयरपोर्ट कार्यशील है। यह संख्या 2022 तक बढ़ाकर 150 कर दी जाएगी। आयात-निर्यात के लिए बंदरगाह बढ़ाए जाएंगे।

सबका कल्याण
यादव ने कहा कि ओबीसी आयोग को संवैधानिक आयोग का दर्जा भाजपा की सरकार ने दिया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। सामान्य किसान तथा छोटे व्यापारियों के लिए भी पेंशन की योजना के बारे में हमारी सरकार ने विचार किया है।

Home / Jaipur / नोटबंदी मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि : भूपेंद्र यादव

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.