script

अब कॉलोनियों में सेनेटाइजेशन शुरू

locationजयपुरPublished: Mar 30, 2020 06:49:44 pm

Submitted by:

Prakash Kumawat

कोरोना से निपटने के लिए नगर निगम घरों को सेनेटाइज करने का काम कर रहा है, वहीं अब राजनेता और आम जनता भी अपने स्तर पर अपने घरों और कालोनियों को सेनेटाइज करने के काम में जुट गई है।

senetisation_1.jpg
अब कॉलोनियों में सेनेटाइजेशन शुरू
विधायकों ने की पहल तो आगे आई संस्थाएं
जयपुर
कोरोना से निपटने के लिए नगर निगम घरों को सेनेटाइज करने का काम कर रहा है, वहीं अब राजनेता और आम जनता भी अपने स्तर पर अपने घरों और कालोनियों को सेनेटाइज करने के काम में जुट गई है।
विद्याधर नगर विधायक नरपतसिंह राजवी और मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने अपने खर्चे पर डिसइन्फेक्शन स्प्रे किट अर्थात सेनेटाइजेशन किट खरीद कर सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव करवा रहे हैं। इन क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता छोटे किट को अपनी पीठ पर बांधकर घरों को सेनेटाइज कर रहे हैं। इसके साथ ही लोगों ने भी अब अपने स्तर पर किट खरीद कर सेनेटाइजेश का काम शुरू कर दिया हैं। आपको बता दें कि सबसे पहले विधायक नरपत सिंह राजवी ने अपने क्षेत्र के सभी 14 वार्डों में एक एक किट और सोडियम हाइपोक्लोराइट भाजपा कार्यकर्ताओं को देकर उनसे सेनेटाइजेशन का काम शुरू करवाया। इसके बाद विधायक कालीचरण सराफ ने भी कार्यकर्ताओं को प्रत्येक वार्ड में दो—दो किट और एक हजार लीटर सोडियम हाइपोक्लोराइट खरीद कर उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही मास्क दस्ताने और सेनेटाइजर भी कार्यकर्ताओ को दिए हैं। सराफ ने जयपुरिया अस्पताल में कोरोना से निपटने के संसाधनों के लिए अपने विधायक कोष से 11 लाख रुपएदिए हैं। इसके अलावा एक लाख रूपए मुख्यमंत्री सहायता कोष में दिए हैं ।
मुरलीपुरा में ऐसे ही किट से सोडियम हाइपोक्लोराइट से घरों को सेनेटाइज कर रहे प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि इस एक किट की कीमत 2300 से 2500 रुपए तक पड़ती है। उन्होंने बताया कि इस किट की क्षमता 18 लीटर की है। सभी वार्डों में एक एक किट कार्यकर्ताओं को दिए हैं जिनसे वे सुबह से शाम तक घरों को सेनेटाइज कर रहे है। लालकोठी में घरों को सेनेटाइन करने वाले रूपसिंह ने बताया कि क्षेत्र के सभी वार्डों में सेनेटाइजेशन का काम शुरु हो चुका है। इस काम में कार्यकर्ता बढ़चढ़कर शामिल हो रहे हैं।
इसी तरह से कुछ सामाजिक संस्थाओं ने भी अपने स्वयंसेवकों की सहायता से सेनेटाइजर का काम शुरू करवा दिया है। ऐसी सामाजिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने मुरलीपुरा, अंबाबाड़ी, शास्त्रीनगर, टोंक फाटक व मालवीय नगर में छोटे स्तर पर सेनेटाइजेशन का काम शुरू करवा दिया है। आनेवाले दिनों में इनका कारवा और बड़ा होने की उम्मीद है।
सबसे खास बात यह है कि चाहे किसी राजनीतिक दल का कार्यकर्ता हो या सामजिक संस्थाओं के स्वयंसेवक वे सभी लोगों से यह अपील कर रहे है कि वे सुरक्षित रहने के लिए सरकार के दिशा निर्देशों की पालना करें और घरों पर ही रहें। वैसे नगर निगम पूरे जयपुर शहर में सेनेटाइजेशन का काम करवा रहा है। दमकलों के जरिए सभी प्रमुख मार्गों और कॉलोनियों की मुख्य सड़कों पर दोनों ओर बने घरों का सेनेटाइजेशन किया जा रहा है लेकिन छोटी सड़कों और गलियों में उनका पहुंचना संभव नहीं है इसलिए छोटे किटों के जरिए कॉलोनियों में सेनेटाइजेशन के लिए अब आम जनता भी आगे आ रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो