scriptअब गोवा में चमत्कार की तैयारी | now maharashtra like miracle can be in goa | Patrika News

अब गोवा में चमत्कार की तैयारी

locationजयपुरPublished: Nov 29, 2019 11:03:00 pm

Submitted by:

Vijayendra

शिवसेना ने कहा, जल्द आकार लेगा नया फ्रंट
 

अब गोवा में चमत्कार की तैयारी

अब गोवा में चमत्कार की तैयारी

मुंबई
महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार बनाने के बाद अब शिवसेना अपनी पुरानी दोस्त भाजपा को एक और झटका देने की तैयारी में है। गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के अध्यक्ष और गोवा के पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय सरदेसाई ने नया मोर्चा बनाने के लिए शिवसेना से बात की है। शिवसेना का कहना है कि महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) और गोवा सरकार को समर्थन दे रहे अन्य विधायकों से भी उसकी बात हुई है।
शिवसेना प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि जीएफपी अध्यक्ष सरदेसाई अपने तीन विधायकों के साथ शिवसेना से गठबंधन करने जा रहे हैं। गोवा में नया राजनीतिक फ्रंट आकार ले रहा है, जैसा महाराष्ट्र में हो चुका है। जल्दी ही गोवा में आपको एक चमत्कार दिखाई देगा।
अनैतिक रूप से बनाई सरकार
राउत ने कहा कि मैंने एमजीपी प्रमुख सुधीन धवलीकर से भी बात की है। गोवा सरकार को अनैतिक रूप से स्थापित किया गया था। राउत ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) व कांग्रेस के साथ शिवसेना पर आरोप लगाने वालों को यह पता होना चाहिए कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्त्व वाली गोवा सरकार ने भी भ्रष्ट लोगों के साथ गठबंधन किया है, जो उस राज्य के लोगों के साथ अच्छा नहीं हुआ है।

गोवा में दोहराएंगे महाराष्ट्र
जीएफपी के अध्यक्ष सरदेसाई ने कहा कि हम गोवा में महाराष्ट्र दोहराएंगे। हम एक क्षेत्रीय पार्टी हैं और शक्तिशाली मोर्चा बनाने के लिए शिवसेना, राकांपा और अन्य दलों के साथ गठबंधन करेंगे।

पूरे देश में गैर भाजपाई मोर्चा
राउत ने कहा कि यह चमत्कार अब देशभर में दिखेगा। महाराष्ट्र के बाद अब गोवा की बारी है। इसके बाद हम दूसरे राज्यों में जाएंगे। हम देश में गैर-भाजपा राजनीतिक मोर्चा बनाना चाहते हैं। महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा के बीच 1989 में गठबंधन हुआ था, लेकिन इस बार के विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करने के बावजूद दोनों की दोस्ती टूट गई। शिवसेना ने मुख्यमंत्री पद की मांग की थी।

भाजपा पर तंज
महाराष्ट्र में शिवसेना की अगुवाई में सरकार बनने के बाद संजय राउत काफी उत्साहित हैं। महाराष्ट्र के सियासी ड्रामे में अपने शेर और कविताओं से भाजपा पर तंज कसने वाले राउत ने शुक्रवार को एक और ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि ‘हम शतरंज में कुछ ऐसा कमाल करते हैं कि बस पैदल ही राजा को मात करते हैं’। राउत ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका निशाना भाजपा की ओर था।

गोवा का गणित
कुल सीटें 40
भाजपा 27
जीएफपी 03
कांग्रेस 05
एनसीपी 01
एमजीपी 01
अन्य 03 (भाजपा के साथ)

ट्रेंडिंग वीडियो