संगठन चुनाव का बहाना, कांग्रेस ने राजस्थान में अटकाई संगठनात्मक नियुक्तियां
कांग्रेस पूरे देश में संगठन चुनाव करवा रही है। इस दौरान किसी भी तरह की संगठनात्मक नियुक्तियों पर रोक लगा रखी है, लेकिन हिमाचल और हरियाणा में जिस तरह एआईसीसी ने नियुक्तियां की है, उससे कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर राजस्थान में ही नियुक्तियां क्यों नहीं की जा रही है ?
जयपुर
Published: April 29, 2022 01:04:16 pm
कांग्रेस पूरे देश में संगठन चुनाव करवा रही है। इस दौरान किसी भी तरह की संगठनात्मक नियुक्तियों पर रोक लगा रखी है, लेकिन हिमाचल और हरियाणा में जिस तरह एआईसीसी ने नियुक्तियां की है, उससे कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर राजस्थान में ही नियुक्तियां क्यों नहीं की जा रही है ? चर्चा यह भी है कि प्रदेश में आपसी खींचतान के चलते नियुक्तियां नहीं हो पा रही है।
एआईसीसी ने हिमाचल में प्रतिभा सिंह, हरियाणा में उदयभान को प्रदेशाध्यक्ष बनाया है। जबकि चुनाव प्राधिकरण राजस्थान के अध्यक्ष संजय निरूपम ने पिछले दिनों ही जयपुर सहित राजस्थान के कई हिस्सों में संगठन चुनाव को लेकर दौरा किया था। तब उन्होंने साफ कहा था कि संगठन चुनाव होने तक किसी भी तरह की संगठनात्मक नियुक्तियां नहीं होगी। अब एआईसीसी की ओर से नियुक्तियां देने पर पद की बाट जोह रहे कार्यकर्ताओं में रोष है।
केवल 13 जिलों में बन पाए हैं जिलाध्यक्ष
राजस्थान की संगठनात्मक नियुक्तियों की धीमी रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 42 संगठनात्मक जिलों में केवल 13 में ही जिलाध्यक्ष घोषित हो पाए हैं। जयपुर जहां दो जिलाध्यक्ष बनाए जाने हैं, वहां भी आज तक जिलाध्यक्ष का इंतजार है। इसके अलावा ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी का भी विस्तार किया जाना है।
चुनाव में डेढ़ साल से कम समय
राजस्थान के विधानसभा चुनाव में डेढ़ साल से कम वक्त रह गया है। ऐसे में कांग्रेस अभी तक संगठनात्मक नियुक्तियां ही पूरी नहीं कर पाई है। ऐसे में चुनाव कैसे लड़ा जाएगा इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। कार्यकर्ता यह भी चर्चा कर रहे हैं कि संगठनात्मक नियुक्तियां नहीं हुई तो पार्टी को जीतने में जोर आएगा।

संगठन चुनाव का बहाना, कांग्रेस ने राजस्थान में अटकाई संगठनात्मक नियुक्तियां
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
