इस तरह 13 दिनों में 11वीं बार पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही जयपुर में पेट्रोल की कीमत 115.83 रुपए और डीजल की कीमत 98.88 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। विधानसभा चुनाव के बाद से जयपुर में अब तक पेट्रोल के दाम 8 रुपए 77 पैसे और डीजल के दाम 8 रुपए 16 पैसे महंगे हो चुके हैं। सिर्फ 13 दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम इससे अधिक इसके पहले कभी नहीं बढ़े हैं।
कच्चे तेल में गिरावट
यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद से ही कच्चे तेल के बाजार में भारी उठा पटक जारी है। इस दौरान एक समय ऐसा आया कि कच्चा तेल प्रति बैरल 139 डॉलर के पार चला गया था, जो 2008 के बाद इसका उच्चतम स्तर था। लेकिन, बीते शुक्रवार को ट्रेडिंग बंद होने के समय कच्चे तेल का दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया था। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने स्ट्रेटेजिक रिजर्व से 180 मिलियन कच्चा तेल जारी करने का फैसला किया है। इसके बाद ब्रेंट क्रूड एक समय 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 104.40 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया था। डब्ल्यूटीआई क्रूड भी 1.01 फीसदी की गिरावट के साथ 99.27 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया था।
सबकुछ हो जाएगा महंगा
पेट्रोल—डीजल के लगातार बढ रहे दामों से आम जनता त्रस्त है। यही हाल रहा तो आने वाले समय में महंगाई अपनी पुरजोर पर होगी। हर चीज के दामों में इजाफा हो जाएगा। पेट्रोल—डीजल के दामों को कम करने के लिए सरकार को हस्तक्षेप करना होगा ताकि आम लोगों को महंगाई से राहत मिल सके।